- हरियाणा के 12 जिलों में लू का येलो अलर्ट, 4 जिलों में बारिश की संभावना।
- 21 से 24 मई तक पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल में बारिश का पूर्वानुमान।
- सिरसा सबसे गर्म जिला रहा, तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज।
Heatwave in Haryana: भारतीय मौसम विभाग, चंडीगढ़ द्वारा 21 मई 2025 को हरियाणा के 12 जिलों में लू (हीटवेव) को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इससे प्रदेश के आधे से अधिक हिस्से में लू चलने की संभावना है। लोगों को धूप में निकलने से बचने, पानी पीते रहने और आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।
वहीं, प्रदेश के चार जिलों – पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और करनाल में आज 25% तक बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान कहता है कि 22 मई को मौसम शुष्क रहेगा, जबकि 23 और 24 मई को फिर से बारिश, आंधी और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है।
22 मई को लू का येलो अलर्ट हरियाणा के 13 जिलों – सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में लागू रहेगा।
मंगलवार को हरियाणा के तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, हालांकि सामान्य से अधिक गर्मी बनी रही। सबसे गर्म जिला सिरसा रहा, जहां तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर, मेवात में तापमान में 2.6 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई जो 42.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हिसार में तापमान में 1.6 डिग्री की गिरावट आई, जिससे तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रहा।