- हरियाणा में 6 से 9 जून तक मौसम रहेगा खुश्क, गर्मी में बढ़ोतरी के आसार
- वीरवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, रोहतक सबसे गर्म जिला रहा
- गुरुग्राम में 24 घंटे में 3.7 डिग्री तापमान बढ़ा, अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस पहुंचा
Haryana Weather Forecast: हरियाणा में मौसम का मिजाज फिर बदलने लगा है। बीते 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई थी, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आई और लोगों को गर्मी से अस्थाई राहत मिली। लेकिन अब मौसम दोबारा खुश्क और गर्म होने के संकेत दे रहा है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 6 जून से राज्य में हवाओं का रुख पूर्वोत्तर से बदलकर पश्चिमी दिशा में हो जाएगा, जिससे 9 जून तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है।
इस बदलाव के चलते दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी और बीच-बीच में हल्के बादल छाने और कुछ जगहों पर धूलभरी हवाएं भी चल सकती हैं। यह स्थिति गर्मी को और बढ़ावा दे सकती है।
वीरवार को हरियाणा के अधिकतम तापमान में औसतन 2.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान अब भी सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है।
इस बीच, रोहतक सबसे गर्म जिला रहा, जहां का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गुरुग्राम में तापमान में सबसे अधिक वृद्धि दर्ज की गई — 3.7 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ वहां का तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह आंकड़े संकेत दे रहे हैं कि आने वाले दिन गर्म और खुश्क रहने वाले हैं, जिससे लोगों को लू और हीटवेव जैसी परिस्थितियों से सतर्क रहना चाहिए।