➤ ₹3,000 में मिलेगा एक साल या 200 यात्राओं तक अनलिमिटेड हाईवे सफर
➤ कार, जीप और वैन जैसे निजी वाहनों के लिए विशेष रूप से डिज़ाइन किया गया
➤ प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए एप और वेबसाइट पर लिंक जल्द होगा जारी
विस्तृत खबर
Toll Free India: केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने FASTag को लेकर बड़ा और ऐतिहासिक ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सरकार 15 अगस्त 2025 से ₹3,000 में FASTag आधारित वार्षिक पास शुरू कर रही है, जो देशभर के राष्ट्रीय राजमार्गों पर निर्बाध और बार-बार यात्रा करने वालों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
यह पास सक्रिय होने की तिथि से एक साल या 200 यात्राओं तक, जो भी पहले हो, वैध रहेगा। यह सुविधा केवल निजी उपयोग वाले गैर-व्यावसायिक वाहनों, जैसे कार, जीप और वैन के लिए लागू होगी।
क्या है वार्षिक पास की खास बातें?
- ₹3,000 का वार्षिक पास, FASTag आधारित सिस्टम के तहत
- 1 वर्ष या 200 ट्रिप तक वैध, जो पहले पूरा हो
- सिर्फ निजी गैर-व्यावसायिक वाहनों के लिए – कार, जीप, वैन आदि
- देशभर के सभी नेशनल हाईवे पर लागू
- टोल प्लाजा पर प्रतीक्षा समय और विवाद खत्म होंगे
- तेज, सुगम और सहज यात्रा अनुभव मिलेगा
- टोल भुगतान के लिए एकीकृत और सरल लेनदेन प्रणाली
प्रक्रिया होगी आसान
गडकरी ने कहा कि इस वार्षिक पास को सक्रिय करने और नवीनीकरण के लिए एक अलग लिंक जल्द ही राजमार्ग यात्रा एप (Highway Travel App) और NHAI या MoRTH की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा। इससे यूजर फ्रेंडली एक्सपीरियंस सुनिश्चित होगा।
विवादों और भीड़भाड़ से मिलेगी राहत
गडकरी ने यह भी कहा कि यह नीति 60 किमी दायरे में स्थित टोल प्लाजा को लेकर लोगों की चिंता को दूर करेगी, और एकीकृत ट्रांजैक्शन के जरिए टोल भुगतान को सहज बनाएगी। इससे प्रतीक्षा समय घटेगा, टोल विवाद कम होंगे और यात्रा अधिक तेज व सुलभ होगी।
सरकार का पुराना प्लान रद्द
इससे पहले सरकार ने ₹30,000 में 15 साल का FASTag प्लान पेश किया था, लेकिन उसे अब रद्द कर दिया गया है। नई नीति पारदर्शिता और सुविधा दोनों को बढ़ावा देगी, जिससे देश में यातायात और बुनियादी ढांचा दोनों लाभान्वित होंगे।

