➤ समालखा नगर पालिका को नगर परिषद बनाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंची
➤ डीसी वीरेंद्र दहिया ने सरकार को रिपोर्ट भेजी, जल्द गजट नोटिफिकेशन जारी होगा
➤ नगर परिषद बनने से अवैध कॉलोनियों में विकास कार्य होंगे शुरू
MunicipalCouncilछ हरियाणा के समालखा शहर के विकास की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए नगर पालिका को नगर परिषद में अपग्रेड करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। शुक्रवार को डीसी वीरेंद्र दहिया ने सरकार को गजट नोटिफिकेशन जारी करने के लिए अपनी सिफारिशी रिपोर्ट भेज दी। अब सरकार द्वारा गजट नोटिफिकेशन जारी होते ही समालखा नगर परिषद का दर्जा प्राप्त कर लेगा।
गौरतलब है कि सरकार ने 22 मई 2025 को ड्राफ्ट नोटिफिकेशन जारी कर आम जनता से सुझाव और आपत्तियां मांगी थीं। इसके लिए 30 दिन का समय निर्धारित किया गया था। इस अवधि में समालखा बचाओ संघर्ष मोर्चा के अलावा किसी भी नागरिक या संस्था ने कोई आपत्ति या सुझाव दर्ज नहीं कराया। संघर्ष मोर्चा की ओर से संयोजक कॉमरेड पीपी कपूर ने 29 मई को पत्र लिखकर गजट नोटिफिकेशन जल्द जारी करने और नगर पालिका को भंग कर प्रशासक नियुक्त करने की मांग की।
इसके बाद महानिदेशक अर्बन लोकल बॉडीज के निर्देश पर नगर निगम पानीपत के डीएमसी अरुण भार्गव, पालिका सचिव मनीष शर्मा और संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। सुनवाई पूरी होने के बाद डीसी वीरेंद्र दहिया ने औपचारिक रिपोर्ट सरकार को भेज दी।
कॉमरेड पीपी कपूर ने बताया कि नगर परिषद का दर्जा समालखा की जनता की लंबे समय से मांग रही है। इससे शहर की सीमा का विस्तार हुआ है और विकास से वंचित कॉलोनियों में विकास के नए द्वार खुलेंगे। उन्होंने बताया कि पहले यहां ग्राम पंचायत थी, 1982 में नगर पालिका बनी, लेकिन 1995 के बाद अब तक कोई सीमा विस्तार नहीं हुआ था। लंबे संघर्ष के बाद 11 जून 2024 को पावटी, पट्टी कल्याणा और किवाना के रकबे को नगर पालिका सीमा में शामिल किया गया। अब शहर की जनसंख्या करीब 60 हजार हो गई है।
नगर परिषद बनने से यह लाभ होंगे:
नगर पालिका भंग कर प्रशासक नियुक्त किया जाएगा।
शहर में नई वार्डबंदी और नगर परिषद चुनाव होंगे।
सभी अवैध कॉलोनियों को मान्यता मिलेगी और विकास कार्य शुरू होंगे।
सफाई कर्मचारियों और अन्य स्टाफ की संख्या बढ़ेगी।
तीन जेई, दो पालिका अभियंता, पालिका सचिव और कार्यकारी अधिकारी (ईओ) जैसे वरिष्ठ अधिकारी नियुक्त होंगे।
विकास कार्यों के लिए अधिक ग्रांट प्राप्त होगी।
नगर परिषद का प्रस्तावित क्षेत्र समालखा व भापरा के समस्त राजस्व एस्टेट तथा आसपास की कॉलोनियों तक विस्तृत होगा। इनमें मयूर विहार, गणेश नगर, चंदन गार्डन कॉलोनी, महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती, नेस्ले फैक्ट्री, धर्म एंक्लेव, भरत नगर, शिव कॉलोनी एक्सटेंशन, बजरंग कॉलोनी, संगम कॉलोनी समेत अनेक कॉलोनियां शामिल हैं।