➤ मानसून ने पूरे हरियाणा को कवर कर लिया, 8 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट
➤ फरीदाबाद में तार गिरने से स्कूटी सवार महिला की मौत, एक घायल
➤ कुरुक्षेत्र में मकान की छत गिरी, महिला की मौत, पति घायल
हरियाणा में मानसून ने 29 जून को पूरे राज्य को कवर कर लिया, जिसके साथ ही राज्यभर में झमाझम बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। रविवार को गुरुग्राम, फरीदाबाद, भिवानी, हिसार, फतेहाबाद, पानीपत, सोनीपत, नूंह, चरखी दादरी, नारनौल, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, झज्जर, रेवाड़ी और यमुनानगर में भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम सुहाना होने के चलते पार्कों में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, लेकिन बारिश कई जगह तबाही की वजह भी बनी।
फरीदाबाद में तेज बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। बिजली की तार टूटकर सड़क पर गिर पड़ी, जिससे स्कूटी सवार दो महिलाएं चपेट में आ गईं। 42 वर्षीय तृष्णा विश्वास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, यमुनानगर में सोमनदी ओवरफ्लो हो गई, जिससे पानी सड़क पर भर गया और कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ।
कुरुक्षेत्र के शाहाबाद कस्बे में बारिश के चलते एक कच्चे मकान की छत गिर गई। हादसे में सोमा देवी (55) की मौके पर मौत हो गई जबकि उसका पति मिया राम गंभीर रूप से घायल हो गया। उनके परिजनों के अनुसार सुबह 6 बजे के करीब तेज आवाज हुई, जिस पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला।
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि रविवार रात तक सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, कैथल, जींद, चरखी दादरी, भिवानी, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, पलवल, नूंह, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला और पंचकूला में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।