987654321

जींद में खटकड़ टोल प्लाजा के कर्मचारी धरने पर बैठे: दो महीने से नहीं मिली तनख्वाह, बोले- मांगे न मानी तो करेंगे टोल फ्री

हरियाणा की बड़ी खबर

➤ दो महीने से नहीं मिली सेलरी, सात महीने से PF जमा नहीं किया गया
➤ कर्मचारियों ने दी चेतावनी- मांगे पूरी नहीं हुईं तो टोल प्लाजा करेंगे फ्री
➤ फिलहाल टोल संचालन जारी, लेकिन धरना स्थल पर बढ़ा आक्रोश

हरियाणा के जींद जिले में स्थित खटकड़ टोल प्लाजा पर कर्मचारियों ने वेतन और PF को लेकर नाराजगी जताते हुए धरना शुरू कर दिया है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें पिछले दो महीने से तनख्वाह नहीं दी गई और सात महीने से पीएफ का अंशदान जमा नहीं किया गया है। इससे कर्मचारियों के बीच भारी रोष पनप गया है। धरने पर बैठे कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कल तक उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वह टोल प्लाजा को फ्री करवा देंगे और अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे।

वर्तमान में टोल का संचालन सामान्य रूप से हो रहा है, लेकिन कर्मचारी लगातार धरना स्थल पर डटे हुए हैं। कर्मचारियों में सोमबीर, प्रदीप, अशोक, सुरेंद्र, हैप्पी, गुरी, सोनू, सत्यवान और सुशील शामिल हैं, जिन्होंने बताया कि दिल्ली-पटियाला नेशनल हाईवे पर खटकड़ के पास यह टोल प्लाजा वर्षों से संचालित है, लेकिन कर्मचारियों के साथ लगातार आर्थिक अन्याय किया जा रहा है।

Whatsapp Channel Join

कर्मचारियों का आरोप है कि ठेकेदार और संबंधित कंपनी लगातार उनकी मेहनत का शोषण कर रहे हैं। पीएफ जैसे जरूरी अधिकारों की अनदेखी हो रही है। धरने पर बैठे कर्मियों का कहना है कि वेतन न मिलने से उनके घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। ऐसे में अब वे आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं।

टोल प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अगर मामला जल्द सुलझा नहीं, तो दिल्ली-पटियाला हाईवे पर टोल संचालन बाधित हो सकता है, जिससे आम जनता को भी परेशानी हो सकती है।