Add a heading 3 1

लोहे की रॉड से घायल की गई गाय, गोरक्षा दल ने की सख्त कार्रवाई की मांग

हरियाणा

हरियाणा के यमुनानगर जिले के सढौरा कस्बे से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक किरयाना दुकानदार पर एक गाय के साथ अमानवीय व्यवहार और क्रूरता का गंभीर आरोप लगा है। शिकायत के अनुसार दुकानदार ने लोहे की रॉड से गाय के प्राइवेट पार्ट पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। यह घटना स्थानीय लोगों के साथ-साथ गोरक्षा संगठनों में भी गहरी नाराजगी का कारण बनी है।

राष्ट्रीय गोरक्षा दल के महासचिव लेखराज और उनके सहयोगी कार्यकर्ताओं ने बताया कि उन्हें गांव कनिपला से सूचना मिली थी कि एक दुकानदार ने अपनी दुकान का शटर उठाने वाली लोहे की रॉड से गाय को प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह प्रहार जानबूझकर गाय के संवेदनशील अंगों पर किया गया, जिसे वे न केवल पशु क्रूरता, बल्कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य मानते हैं।

घायल गाय को गोरक्षा दल के सदस्य तत्काल छछरौली स्थित पशु अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को अत्यंत गंभीर बताया और उसे आगे उपचार के लिए झज्जर स्थित पशु चिकित्सा महाविद्यालय रेफर कर दिया। गाय की हालत अभी नाजुक बनी हुई है।

Whatsapp Channel Join

गोरक्षा दल के कार्यकर्ताओं हर्ष, अंकित सैनी, निखिल और आदित्य ने सढौरा थाने में पहुंचकर इस घटना की शिकायत दर्ज करवाई और आरोपी दुकानदार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह घटना केवल एक पशु पर हमला नहीं, बल्कि समाज की धार्मिक और नैतिक चेतना पर भी हमला है, जिसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

सढौरा थाना प्रभारी रोहताश सिंह ने पुष्टि की कि उन्हें शिकायत प्राप्त हो चुकी है और वह मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी दुकानदार और शिकायतकर्ताओं से पूछताछ की जाएगी, साथ ही घायल गाय की चिकित्सकीय स्थिति का भी आकलन किया जाएगा। प्रारंभिक जांच के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला न केवल पशु अधिकारों से जुड़ा है, बल्कि सामाजिक और धार्मिक दृष्टिकोण से भी अत्यंत संवेदनशील है। पुलिस की अगली कार्रवाई पर पूरे इलाके की नजर बनी हुई है।