➤ कंगना रनौत बोलीं – “मंत्री पद मिलना चाहिए था, लेकिन नहीं मिला”
➤ “MP की सैलरी कम है, खर्चे जेब से करने पड़ते हैं”
➤ “आपदा में मैं तीन दिन में पहुंची, सीएम छह दिन बाद”
शिमला। हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से भाजपा सांसद और फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत ने एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में सांसद बनने के बाद की चुनौतियों, मंत्री पद न मिलने, और आपदा राहत में खुद पर उठे सवालों पर खुलकर बात की। कंगना के बयानों से फिर एक बार राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है।
कंगना ने कहा कि उनके पास नेशनल अवॉर्ड हैं, देश का चौथा सर्वोच्च सम्मान है, और वह जिस पृष्ठभूमि से आती हैं, उनके मुताबिक उन्हें मंत्री पद मिलना चाहिए था। उन्होंने कहा कि यह तर्क गलत है कि पहली बार सांसदों को मंत्री नहीं बनाया जाता, क्योंकि कई सांसद पहली बार में भी मंत्री बने हैं।
सांसद की सैलरी और खर्चे पर कंगना का दर्द
कंगना ने कहा कि सांसदों की सैलरी बहुत कम है और वे जब अपने क्षेत्र में जाते हैं तो उन्हें PA, ड्राइवर और निजी खर्चों पर लाखों रुपये खुद खर्च करने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि सांसद बनना सेवा नहीं है, यह एक जिम्मेदारी है, और सेवा दिव्यांगों व बुजुर्गों की होती है।
आपदा क्षेत्र में देरी से पहुंचने पर उठे सवालों का जवाब
हाल ही में मंडी और आस-पास आई आपदा के दौरान देरी से पहुंचने पर विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर भी कंगना ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि वो आपदा के तीसरे दिन पहुंची थीं, जबकि मुख्यमंत्री खुद छह दिन बाद पहुंचे। उन्होंने कहा कि लोगों को भ्रमित किया गया कि वह मौके पर नहीं आईं।
कंगना ने कहा –
“मैं लोगों को झूठा आश्वासन नहीं देती। जो मेरा काम नहीं है, उसे नहीं कहती। मुझे झूठ बोलना नहीं आता क्योंकि सामने वाले की आंखों में उम्मीद होती है।”
“काम में मेरा रिकॉर्ड सबसे बेहतर”
कंगना ने कहा कि उन्होंने एक साल में जितना काम किया है, उतना मंडी से अब तक के किसी भी सांसद ने नहीं किया। उन्होंने कहा कि उनका काम सभी सांसदों के कार्यों से कंपेयर किया जाए। उन्होंने पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि वह संसद तक नहीं आती थीं। उन्होंने कहा कि फरवरी में एक सेशन में वह पूरी तरह गायब रहीं।
पीएम मोदी से मिलने की बात भी बताई
कंगना ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का समय मांगा था, लेकिन अब तक उन्हें समय नहीं मिला है। इस मुद्दे पर उन्होंने कोई नाराजगी नहीं जताई, लेकिन कहा कि वह इस मुलाकात को लेकर प्रतीक्षा कर रही हैं।

