➤हरियाणा में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी।
➤सिरसा में 2 हजार एकड़ फसल बर्बाद, किसानों ने खेतों पर ट्रैक्टर चलाया।
➤नूंह में बच्चा डूबा, पंचकूला में लैंडस्लाइड, कुरुक्षेत्र में महिला की लाश नहर में मिली।
हरियाणा में एक बार फिर सक्रिय हुआ मानसून तबाही मचाता नज़र आ रहा है। बीते दो दिनों से हो रही तेज़ बारिश के चलते प्रदेश के कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। 21 जुलाई को कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर और पंचकूला में मध्यम से भारी बारिश हुई, जिससे जलभराव की स्थिति बन गई। यमुनानगर में कारें सड़कों पर आधी डूबी नजर आईं। मौसम विभाग ने यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, करनाल, कुरुक्षेत्र और कैथल में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम ज्ञान केंद्र के अनुसार, इस सीजन में अब तक हरियाणा में सामान्य से 29% ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। 20 जुलाई तक जहां औसतन 147.5% बारिश होनी चाहिए थी, वहां अब तक 189.9% बारिश हो चुकी है।
बारिश के चलते कई स्थानों पर गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। नूंह जिले के रीठट गांव में एक 13 वर्षीय लड़का हैदर बारिश के बाद जंगल की ओर गया था, जहां जमा पानी में नहाते समय डूबकर उसकी मौत हो गई। वहीं कुरुक्षेत्र के बारना गांव में एक घर में 6 फुट लंबे सांपों का जोड़ा घुस गया। स्नेकमैन ने एक सांप को पकड़ लिया जबकि दूसरा भाग गया। बताया गया कि ये ‘घोड़ा पछाड़’ प्रजाति के रैट स्नैक थे जो बारिश में बिलों में पानी भरने पर बाहर निकल आते हैं।

सिरसा जिले के आठ गांवों में लगभग 2000 एकड़ फसल बारिश के कारण हुए जलभराव से पूरी तरह बर्बाद हो गई। किसानों ने मजबूर होकर नरमा, ग्वार और मूंगफली की खराब फसलों पर ट्रैक्टर चला दिया। किसान अशोक कासनियां, प्रदीप, मनीष, राजेश, मुकेश और भरत सिंह ने बताया कि लगातार पानी भरे रहने से फसलें पूरी तरह सड़ गईं।
पंचकूला के मोरनी हिल्स में बारिश की वजह से भारी भूस्खलन हुआ, जिससे निमवाला रोड पर मलबा और पेड़ गिरने से दोनों ओर से ट्रैफिक बंद हो गया। इस दौरान हरियाणा रोडवेज की एक बस भी बीच रास्ते में फंस गई। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का काम शुरू किया।
इसके अलावा करनाल में रविवार रात एक कार भाखड़ा नहर में गिर गई। कार में सवार कुरुक्षेत्र निवासी दो युवकों, गुरविंद्र सिंह और सुरेंद्र, को पुल पर मौजूद गार्ड की सतर्कता से समय रहते बचा लिया गया। सोमवार सुबह हाइड्रा मशीन की मदद से कार को बाहर निकाला गया।
वहीं, कुरुक्षेत्र में ही नरवाना ब्रांच नहर से एक महिला का शव बरामद हुआ। 60 वर्षीय जगीरो देवी चार दिन से लापता थीं और उनका शव बटेड़ा हेड के पास मिला।
बारिश ने जहां किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया, वहीं आम जनजीवन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। प्रशासन लगातार निगरानी में है और राहत कार्य जारी हैं, लेकिन मौसम विभाग ने आगे भी भारी बारिश की चेतावनी दी है।