➤ निशित कटारिया हरियाणा युवा कांग्रेस के नए अध्यक्ष नियुक्त
➤ प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने जारी किया नियुक्ति पत्र
➤ नियुक्ति से पहले युवा कांग्रेस परिणाम विवादों में घिरा था
चंडीगढ़, हरियाणा: हरियाणा में कांग्रेस पार्टी ने निशित कटारिया को हरियाणा युवा कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह घोषणा प्रदेश अध्यक्ष उदयभान द्वारा जारी एक आधिकारिक पत्र के माध्यम से की गई है। पत्र में लिखा गया है कि निशित कटारिया को तत्काल प्रभाव से इस पद पर नियुक्त करते हुए उन्हें प्रसन्नता हो रही है।
भारतीय युवा कांग्रेस ने विश्वास व्यक्त किया है कि निशित कटारिया, कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व – मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी – के कुशल मार्गदर्शन में संगठन और कांग्रेस पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने के लिए अपना पूरा समय और ऊर्जा समर्पित करेंगे। निशित कटारिया पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया के बेटे हैं, जो राजनीतिक रूप से सक्रिय परिवार से आते हैं। उनके पिता हरियाणा विधानसभा के सदस्य रह चुके हैं । उन्होंने 2009 में गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में हरियाणा विधानसभा चुनाव जीता था ।

नियुक्ति से पहले युवा कांग्रेस परिणाम विवादों में घिरा निशित कटारिया की इस नियुक्ति से पहले हरियाणा युवा कांग्रेस जून 2025 में अपने चुनावी परिणामों को लेकर विवादों में घिर गई थी। दरअसल, 15 जून 2025 को घोषित हुए युवा कांग्रेस के अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों के परिणामों में एक मृतक कार्यकर्ता हिमानी नरवाल को प्रदेश सचिव के पद पर विजेता घोषित कर दिया गया था। हिमानी नरवाल का कुछ महीने पहले मर्डर हो चुका था, जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया था।
हिमानी नरवाल का शव 1 मार्च की सुबह सांपला बस स्टैंड के पास एक सूटकेस में मिला था। वह 22 वर्षीय कांग्रेस कार्यकर्ता थीं और राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी सक्रिय रूप से शामिल हुई थीं। युवा कांग्रेस की तरफ से इस विवाद पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा गया था कि चुनाव प्रत्याशी होने के नाते हिमानी का परिणाम घोषित किया गया था, लेकिन अब उनका नाम सूची से बाहर कर दिया गया है। इस विवाद के बाद हुई यह नई नियुक्ति संगठन में स्थिरता लाने का प्रयास मानी जा रही है।