➤ कानपुर से करोड़ों की निक्कल प्लेट चोरी के केस में लंबे समय से फरार थे
➤ 3.92 करोड़ की 23.8 टन निक्कल प्लेट कंटेनर से उड़ाई गई थी, CCTV में कैद हुई वारदात
हिसार स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1-1 लाख रुपए के इनामी दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी कानपुर लॉजिस्टिक पार्क से करीब 3.92 करोड़ रुपए की निक्कल प्लेट चोरी के मामले में फरार चल रहे थे। गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान मंजीत निवासी भैणी महाराज थाना महम (रोहतक) और सोनू निवासी बास बादशाहपुर (हिसार) के रूप में हुई है।
STF इंचार्ज निरीक्षक अनूप सिंह ने बताया कि उप निरीक्षक अनूप कुमार के जरिए सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी किसी सुरक्षित ठिकाने पर भागने की फिराक में हैं। STF टीम ने घेराबंदी करके दोनों को पकड़ लिया। इनकी गिरफ्तारी पर कानपुर पुलिस ने पहले ही एक-एक लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।

दरअसल, 17 मार्च 2025 को कंपनी के कर्मचारी महेंद्र साहू ने सूचना दी कि कंटेनर संख्या CAIU3087351 जिसमें निक्कल प्लेट 23.835 टन (कीमत 3.92 करोड़ रुपए) थी, वह कंपनी से चंद मीटर की दूरी पर एसीसी गोदाम के पास खाली ट्रक में मिला। कंटेनर गायब था। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर दो संदिग्ध दिखाई दिए जिन्होंने कंटेनर को ट्रक में लोड कर कंपनी के रिपेयरिंग गेट से बाहर निकाला।
इस मामले में कंपनी के जीएम मनीष सहाय की मिलीभगत सामने आई थी, जिन्हें पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस को जांच में यह भी पता चला कि चोरी के इस पूरे षड्यंत्र में GM की अहम भूमिका थी और उसका संपर्क चोर गिरोह से था। यूपी पुलिस बाकी आरोपियों को पहले ही पकड़ चुकी है।
हिसार STF की इस कार्रवाई के बाद अब कानपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों को अपनी कस्टडी में ले लिया है। यह केस लॉजिस्टिक सेक्टर की अब तक की सबसे बड़ी औद्योगिक चोरी में से एक माना जा रहा है।

