weather 29 1

हरियाणा में महिला हेड कॉन्स्टेबल 5 हज़ार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

हरियाणा करनाल

➤असंध थाने की महिला हेड कॉन्स्टेबल रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ी गई
➤पहले 10 हजार, फिर दोबारा 5 हजार की डिमांड पर ACB ने की कार्रवाई
➤कैमिकल लगे नोट पकड़ते ही ACB टीम ने मौके पर किया गिरफ्तार

हरियाणा के करनाल जिले में स्थित असंध थाना एक बार फिर चर्चा में आ गया है, जब वहां तैनात महिला हेड कॉन्स्टेबल नीलम को रिश्वत लेते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने रंगे हाथ पकड़ लिया। महिला कॉन्स्टेबल पर आरोप है कि उसने एक पीड़ित से झूठे केस से बचाने के नाम पर पहले 10 हजार रुपए वसूले थे, और अब दोबारा उसी मामले में 5 हजार रुपए की मांग की थी।

ACB को शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया। उन्होंने पीड़ित से 5 हजार रुपए लिए, उन नोटों के नंबर नोट किए और कैमिकल पाउडर लगाकर ट्रैप तैयार किया। योजना के अनुसार, जैसे ही पीड़ित ने थाने के बाहर आरोपी महिला को पैसे सौंपे, टीम ने तुरंत उसे पकड़ लिया। पाउडर लगे नोटों को हाथ में लेते ही आरोपी की गिरफ्तारी कर ली गई।

Whatsapp Channel Join

मामले की शुरुआत उस वक्त हुई जब डोल चौक, असंध निवासी मंजीत कौर द्वारा एक व्यक्ति के खिलाफ थाने में शिकायत दी गई थी। इस मामले की जांच महिला हेड कॉन्स्टेबल नीलम को सौंपी गई। पीड़ित के अनुसार, नीलम ने राजीनामे के नाम पर पहले 10 हजार रुपए की रिश्वत ली थी। लेकिन जब मंजीत कौर ने दोबारा शिकायत दी, तो नीलम ने झूठा केस दर्ज करने की धमकी देकर फिर से 5 हजार रुपए की मांग की। इससे परेशान होकर पीड़ित ने ACB से संपर्क किया।

ACB इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत की पुष्टि के बाद तुरंत कार्रवाई की गई और आरोपी महिला पुलिसकर्मी को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत गिरफ्तार किया गया। फिलहाल उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

साथ ही, विभागीय स्तर पर भी आरोपी महिला की भूमिका की गहन जांच की जाएगी और उसके खिलाफ सस्पेंशन की कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर पुलिस महकमे की ईमानदारी और जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।