weather 56

हरियाणा में तेज रफ्तार का कहर, कार की टक्कर से 2 बच्चों के पिता की मौत

हरियाणा पानीपत

➤पानीपत के डाहर गांव के पास तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने 29 वर्षीय युवक को टक्कर मारी, मौके से फरार
➤ग्रामीणों ने कार चालक को काफी दूर जाकर पकड़ा, कार में पति-पत्नी और दो बच्चे सवार थे
➤मृतक अंकित की पत्नी रक्षाबंधन पर मायके गई थी, वह चाचा के घर खाना खाने जा रहा था

पानीपत जिले के इसराना थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव डाहर के पास शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार दिल्ली नंबर की ऑल्टो कार ने सड़क किनारे पैदल जा रहे 29 वर्षीय युवक अंकित को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंकित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर खून से लथपथ अचेत हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा।

घटना को पास ही मौजूद ग्रामीणों ने देखा और तुरंत अपनी बाइक व गाड़ियों से उसका पीछा किया। काफी दूरी तक पीछा करने के बाद ग्रामीणों ने कार को रोक लिया। कार में पति-पत्नी और उनके दो बच्चे सवार थे।

Whatsapp Channel Join

अस्पताल ले जाते ही हुई मौत

हादसे के तुरंत बाद घायल अंकित को ग्रामीणों ने सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए शवगृह में रखवाया गया है। इसराना थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आरोपी चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

मृतक अंकित गांव डाहर का रहने वाला था। उसके चाचा अजमेर ने बताया कि अंकित शादीशुदा था और उसके दो छोटे बच्चे हैं — बड़ी बेटी 5 साल की और बेटा 3 साल का। रक्षाबंधन के अवसर पर अंकित की पत्नी अपने मायके गई हुई थी। शाम को अंकित अपने घर से पैदल पैदल चाचा अजमेर के घर खाना खाने जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ।

अचानक हुई इस दुर्घटना से गांव में शोक की लहर है। अंकित के छोटे बच्चों और पत्नी के लिए यह त्यौहार मातम में बदल गया।