➤ गुरुग्राम हाई-क्लास सोसाइटी में रेजिडेंट ने सिक्योरिटी गार्ड पर पिस्टल तानी
➤ गेट खोलने के विवाद में गाली-गलौज और धमकी, वीडियो वायरल
➤ उत्तराखंड नंबर की कार से आया आरोपी, पुलिस ने जांच शुरू की
हरियाणा के गुरुग्राम में स्थित हाई-क्लास रेजिडेंशियल सोसाइटी ग्लोबल सिग्नेचर पार्क में सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक रेजिडेंट ने मामूली विवाद में सिक्योरिटी गार्ड पर पिस्टल तान दी। यह पूरी घटना सोसाइटी के मुख्य गेट पर हुई, जहां गेट खोलने और कार निकालने को लेकर रेजिडेंट और सिक्योरिटी गार्ड के बीच कहासुनी हो गई।
घटना का 1.52 मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें यलो टी-शर्ट और ब्राउन शॉर्ट्स पहने आरोपी सिक्योरिटी गार्ड को गाली-गलौज करते हुए और पिस्टल से धमकाते नजर आ रहा है। वह गार्ड से कहता है— “मुझे गुस्सा मत दिलाना, नहीं तो अंजाम बुरा होगा।” इस दौरान गार्ड शांत रहते हुए उसे नियमों का पालन करने की बात कहता है।
वीडियो में साफ दिखता है कि आरोपी की कार का नंबर उत्तराखंड का है। गुस्से में वह पहले गार्ड की तरफ पिस्टल तानता है, फिर पिस्टल को कार में रख देता है, लेकिन इसके बाद भी दोबारा गार्ड के पास जाकर धमकी भरे लहजे में बात करता है और अपशब्द कहता है।
सोसाइटी के एक रेजिडेंट ने वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो कुछ ही घंटों में वायरल हो गया। मामला गुरुग्राम पुलिस तक पहुंचते ही भौंडसी थाना पुलिस को जांच के आदेश दिए गए। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस ने सिक्योरिटी गार्ड का बयान दर्ज कर लिया है।

