➤ भाजपा ने आज विधायक दल की बैठक बुलाई, विपक्षी हमलों से निपटने पर होगी रणनीति
➤ 22 अगस्त से शुरू होगा हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र
➤ कांग्रेस कानून व्यवस्था, जलभराव, बिजली-बीज की कमी जैसे मुद्दों पर करेगी सरकार को घेरने की कोशिश
हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र 22 अगस्त से शुरू होने जा रहा है और इसको लेकर सत्ताधारी भाजपा ने अपनी रणनीति मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में पार्टी ने आज विधायक दल की बैठक बुलाई है। इस बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सभी कैबिनेट मंत्री और विधायक मौजूद रहेंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य यह है कि सत्र के दौरान विपक्ष, खासकर कांग्रेस, के हमलों से कैसे निपटा जाए।
सत्र के दौरान विपक्षी दल मनीषा केस, कानून व्यवस्था, जलभराव, बिजली-बीज व खाद की कमी जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर तीखे सवाल दाग सकता है। भिवानी में मनीषा हत्या केस जैसे संवेदनशील मुद्दों पर भी विपक्ष सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है। ऐसे में सरकार की तरफ से कानून व्यवस्था और अन्य योजनाओं को लेकर ठोस जवाब तैयार करने पर जोर दिया जाएगा।
22 अगस्त को सुबह 11 बजे विधानसभा सचिवालय में बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (BAC) की बैठक होगी। इसमें मुख्यमंत्री नायब सैनी, स्पीकर हरविंदर कल्याण और कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा सहित अन्य सदस्य शामिल होंगे। इसी बैठक में तय होगा कि सत्र कितने दिन तक चलेगा। संभावना जताई जा रही है कि सत्र 26 अगस्त तक चलेगा, लेकिन विपक्ष के दबाव में इसे 27 अगस्त तक भी बढ़ाया जा सकता है।
राज्यपाल प्रो. असीम घोष 22 अगस्त को दोपहर 2 बजे से सत्र की औपचारिक शुरुआत करेंगे। इस बार विधानसभा में एक ही दिन का केवल एक सत्र आयोजित करने का निर्णय लिया गया है, ताकि सदन की कार्यवाही प्रभावी और गंभीर रूप से संचालित हो सके।
विपक्ष ने संकेत दिए हैं कि वह कानून व्यवस्था, गुरुग्राम और जींद जैसे शहरों में जलभराव की समस्या, बिजली और बीज की कमी सहित किसानों के मुद्दों को लेकर सरकार को कठघरे में खड़ा करेगा। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री नायब सैनी अपनी कैबिनेट और विभागीय अधिकारियों के साथ पूरी तैयारी में हैं ताकि विपक्ष के हर वार को जवाब दिया जा सके।

