➤करनाल में MBBS छात्र पर कार सवार युवकों ने किया हमला
➤”रिच किड्स” लिखी गाड़ी से उतरे हमलावर, डंडों से बरसाए वार
➤भीड़ ने दो हमलावरों को पकड़ा, पुलिस कर रही जांच
हरियाणा के करनाल में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसमें मामूली कहासुनी के बाद कार सवार युवकों ने एक MBBS छात्र पर डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान हमलावरों की गाड़ी पर “रिच किड्स” लिखा हुआ साफ दिखाई दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर जुटी भीड़ ने दो हमलावरों को पकड़कर उनकी पिटाई कर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

घायल छात्र की पहचान अमन शर्मा के रूप में हुई है, जो करनाल के मोतीनगर का रहने वाला है और उज्बेकिस्तान से MBBS की पढ़ाई कर रहा है। वह इस समय छुट्टियों पर घर आया हुआ है और 5 सितंबर को वापस लौटने वाला था। अमन ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे वह नेहरू पैलेस मार्केट लोअर खरीदने गया था। लोअर लेने के बाद जब वह अपनी स्कूटी पर बैठकर लौट रहा था, तभी पीछे से आ रही एक नई कार का चालक लगातार हॉर्न बजाने लगा।
अमन ने जब विरोध करते हुए कहा कि जगह मिलने पर ही वह स्कूटी साइड करेगा, तो कार सवार युवक तैश में आ गया। उसके पीछे से एक और कार में सवार उसके साथी भी उतरे और उन्होंने अमन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में अमन लहूलुहान हो गया और उसके सिर से खून बहने लगा। अमन ने विरोध करने का प्रयास किया लेकिन आरोपियों ने लगातार डंडे बरसाए।

घटना के दौरान स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और दो हमलावरों को पकड़ लिया। गुस्साई भीड़ ने उनकी जमकर धुनाई की और बाद में पुलिस को सौंप दिया। घायल अमन को उसके परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज किया गया।
घटना पर अमन के पिता तरुण शर्मा, जो घरौंडा के देवीपुर सीनियर सेकेंडरी स्कूल से सेवानिवृत्त लेक्चरर हैं, ने नाराजगी जताते हुए कहा कि “अमीरजादे खुद को सबकुछ समझते हैं और किसी की जान की भी परवाह नहीं करते। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।”
इस मामले की पुष्टि करते हुए सिटी थाने के जांच अधिकारी विजय ने बताया कि झगड़े की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। ERV टीम एक आरोपी को थाने लेकर आई थी। पुलिस ने अस्पताल जाकर घायल छात्र का बयान लेने की कोशिश की, लेकिन वह असमर्थ था। आज उसके बयान दर्ज किए जाएंगे और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

