हरियाणा के गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मानेसर के पास इंडियन ऑयल सीएनजी पंप पर देर रात कुछ नशे में धुत अज्ञात युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। जब सेल्समेन ने युवकों की गाड़ी में सीएनजी डालकर 600 रुपये मांगें तो युवकों ने उस पर ही जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान युवकों ने करीब तीन सेल्समेन के साथ खूब मारपीट की। युवकों की गुंडागर्दी पंप पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। वारदात के बाद 8 में से 2 युवकों को पुलिस की मदद से मौके पर ही पकड़ लिया गया।
गुरुग्राम में सीएनजी पंप पर इस तरह की वारदात कोई नया मामला नहीं है। कई बार ऐसे मामले सामने आए हैं कि रात को पुलिस के खौफ से दूर आरोपी वारदात को अंजाम देकर निकल जाते हैं। बीती रात को भी करीब 1 बजे दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मानेसर के पास एर्टिगा गाड़ी में सवार नशे में धुत करीब 8 युवक इंडियन ऑयल सीएनजी पंप पर पहुंचे। युवकों ने सेल्समेन से 600 रुपये की सीएनजी डलवाई। जब सेल्समेन से पैसे मांगे तो युवकों ने गुंडागर्दी शुरू कर दी। इसके बाद युवकों ने लाठी-डंडों से सेल्समेन पर जानलेवा हमला किया।
वारदात के बाद 6 युवक फरार हो गए, जबकि 2 युवकों को पुलिस की मदद से मौके पर ही पकड़ लिया गया। सीएनजी पंप पर तैनात तीन सेल्समेन को गंभीर हालत के चलते इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सीएनजी पंप पर हुई वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

