एशिया कप में आज भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला जाएगा। फैंस इस महामुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। क्रिकेट में जब भी भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होता है तो रोमांच अपने चरम पर पहुंच जाता है। एशिया कप के पहले मैच में बाबर आजम की सेना ने नेपाल को हराया है, जबकि भारत अपना पहला मैच खेलने को तैयार है।
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2023 का महामुकाबला पल्लीकेल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। दो सितंबर यानी आज होने वाले इस मुकाबले में भारतीय टीम एशिया कप में मिली हार का बदला लेना चाहेगी। टीम इंडिया हाल ही में श्रीलंका पहुंची है, जबकि पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में नेपाल को हराकर विजयी आगाज कर लिया है।
पल्लेकेले में खेला जाएगा भारत-पाक मुकाबला
जिस मैदान पर बांग्लादेश और श्रीलंका का मैच खेला गया था, वहीं भारत और पाकिस्तान के बीच जंग होगी। पल्लेकेले स्टेडियम की पिच की बात करें तो यहां शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है तो बीच के ओवरों में गेंद टर्न भी होती है और स्पिनर्स कहर बरपा सकते हैं। भारत और पाक के बीच हमें एक लो स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिल सकता है।
मैच में किस टीम का हो सकता है पलड़ा भारी
एक समय जब भारत और पाकिस्तान के बीच मैच होता था तो कहा जाता था कि मुकाबला भारत की बल्लेबाजी और पाकिस्तान की गेंदबाजी के बीच होगा। लेकिन अब हालात वैसे नहीं हैं। अब पाकिस्तान के मुकाबले भारत का भी बॉलिंग अटैक कुछ कम नहीं है। जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज पाक पेस अटैक से कम नहीं हैं।
इस समय पाकिस्तान की बल्लेबाजी भी काफी मजबूत है। बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान, सलमान अली आगा और इमाम उल हक शानदार फॉर्म में हैं। साथ ही इफ्तिखार ने भी पिछले मैच में शतक जड़ अपनी लय वनडे फॉर्मेट में भी दिखा दी है। ऐसे में यह मैच काफी रोमांचक हो सकता है।
IND vs PAK: संभावित प्लेइंग XI
भारत की प्रेडिक्टेड प्लेइंग-11: रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, रविंद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी
पाकिस्तान की प्रेडिक्टेड प्लेइंग-11: फखर जमां, इमाम-उल-हक, बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान, आगा सलमान, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, हारिस रऊफ, शाहीन शाह अफरीदी, नसीम शाह
एशिया कप: भारत और पाकिस्तान मैच का हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
एशिया कप में भारत-पाकिस्तान के बीच 13 बार एक-दूसरे के बीच भिड़त हो चुकी हैं। भारत ने 13 में से 7 मैच में जीत हासिल की है, जबकि पाकिस्तान को पांच मैच में जीत मिली है। एक मैच का नतीजा नहीं निकल सका।
बता दें कि एशिया कप (Asia Cup 2023) में हमेशा भारतीय टीम (Indian Cricket Team) का दबदबा रहा है। अब तक के इतिहास में एशिया कप के 15 सीजन हुए हैं, जिसमें भारत ने 7 बार (1984, 1988, 1990-91, 1995, 2010,2016 और 2018) में खिताब जीता है, जबकि श्रीलंका दूसरे नंबर पर है, जिन्होंने 6 बार ये ट्रॉफी जीती है।

