(समालखा से अशोक शर्मा की रिपार्ट) पानीपत के समालखा में रेलवे रोड स्थित एक एक्सन जूतों के शोरू में अज्ञात कारणों के चलते भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज ने भीड़ को हटाकर आग को शांत कराया। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों की सहायता से ही आग पर काबू पाया जा सका।
रेलवे रोड के दुकानदारों ने पुलिस को जानकारी देते हुए बताया कि 3-4 वर्ष पहले एक्शन के नाम से जूतों का शोरूम खुला हुआ है। दुकानदार मोनू रोजाना की तरह सोमवार शाम को दुकान बंद करके घर चला गया था। रात करीब 8 बजे दुकान से काला धुआं उठाता दिखाई दिया। जब आसपास के दुकानदारों ने शोरूम के शटर का ताला तोड़कर उसे उठाया तो दुकान के अंदर धुआं ही धुआं फैला था। देखते ही देखते भीषण आग लग गई। इसके बाद आग लगने की सूचना शोरूम मालिक मोनू को दी गई। सूचना मिलते ही मोनू शोरूम पर पहुंचा। आग लगने की सूचना पुलिस और फायर बिग्रेड को दी गई।
शोरुम के साथ गोदाम का भी जला सामान
दुकान मालिक मोनू अहलावत ने बताया कि आग लगने से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। शोरूम की दो दुकानें अगल बगल में है। शोरूम के पीछे दो गोदाम भी हैं। शोरूम के साथ आग एक गोदाम तक पहुंच गई और गोदाम का सामान भी जल गया। इसके अलावा आग लगने से दुकान में लगे ऐसी, एलईडी सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया।

