http://citytehelka.in/sirsa-ki-ch-devilal-university-me-hua-talent-show-ka-aayojan/

Talent Show में हरियाणवी के साथ पंजाबी गानों पर थिरके विद्यार्थी, नवंबर माह में हो सकता है युवा महोत्सव

सिरसा

सिरसा के चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में अलग-अलग 12 विधाएं आयोजित की गई थी। जिसमें 180 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और इन 12 विधाओं में चुने गए विद्यार्थी ही आगे होने वाले युवा महोत्सव में भाग लेंगे।

कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू होकर शाम 4 बजे तक चला। इस एक दिवसीय प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में 36 विभागों के 250 विद्यार्थियों ने अपना पंजीकरण करवाया था। लेकिन इसमें से केवल 180 विद्यार्थियों ने ही भाग लिया।

युवाओं के लिए करवाया जाएगा कोरियोग्राफर उपलब्ध

Whatsapp Channel Join

प्रत्येक वर्ष युवा महोत्सव के लिए प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का आयोजन करवाया जाता है। जिसमें विजेता रहने वाले विद्यार्थी ही युवा महोत्सव में भाग ले सकते हैं। इसी के साथ युवा कल्याण निदेशालय का कहना है कि युवाओं को प्रतियोगिता के लिए कोरियोग्राफर उपलब्ध करवाया जाएगा। जिसमें उनको हर प्रकार की ट्रेनिंग दी जाएगी। वहीं उनका कहना है कि युवा महोत्सव के लिए निदेशालय ही युवाओं को तैयार करेगा।

हरियाणवी के साथ-साथ बॉलीवुड गानों पर भी जमकर थिरके विद्यार्थी

वहीं कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भंगड़ा, हरियाणवी नृत्य, गायन और देशभक्ति के साथ-साथ मिमिक्री आदि श्रेणियों में भी भाग लिया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ प्रतियोगिता देखने आए विद्यार्थी भी खूब उत्साहित नजर आए। इस प्रतिभा खोज प्रतियोगिता के दौरान सभी को हरियाणवी संस्कृति की झलक देखने को मिली।

इन प्रतियोगिताओ में सबसे ज्यादा प्रतिभागी हरियाणवी कल्चर को दिखाते हुए नजर आए। विद्यार्थी हरियाणवी गानों के साथ-साथ हरियाणवी मिक्स बॉलीवुड में भी जमकर थिरके और कई विद्यार्थियों ने हरियाणवी आर्केस्ट्रा पर भी अपनी प्रस्तुति दी।

नवंबर महीने में आयोजित हो सकता है युवा महोत्सव

इस बार का युवा महोत्सव अक्तूबर महीने के अंतिम सप्ताह और नवंबर महीने के शुरुआती सप्ताह में हो सकता है। प्रतियोगिता में सिरसा मुख्यालय, सात खंडों के कॉलेजों के साथ-साथ फतेहाबाद के कॉलेज भी भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता के लिए विश्वविद्यालय में निदेशालय द्वारा बैठक बुलाई गई थी।

जिसके बाद सभी कॉलेजों में प्रतिभा खोज प्रतियोगिता करवाने के निर्देश दिए गए। इसी को लेकर जिले के सभी कॉलेजों में प्रतियोगिताएं करवाई जा रही हैं। जिसके बाद युवा महोत्सव के लिए विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।

सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने से विद्यार्थियों के संपूर्ण जीवन का होता है विकास : कुलपति

प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का शुभारंभ कुलपति प्रो. अजमेर सिंह मलिक ने किया। इस दौरान उन्होंनें कहा कि युवा कल्याण निदेशालय युवा पीढ़ी की ऊर्जा को सही दिशा दिखाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहा है। इसके लिए निदेशालय की पूरी टीम बधाई की पात्र है।

अजमेर सिंह ने ये भी कहा कि ऐसे सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने से विद्यार्थियों के संपूर्ण जीवन का विकास होता है और शैक्षणिक संस्थान में विद्यार्थियों को अपने हुनर को निखारना चाहिए। जो विद्यार्थी अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए इस तरह के सांस्कृतिक कार्यकर्मों में भाग लेते हैं वो विद्यार्थी बहुमुखी प्रतिभा के धनी होते हैं।