cm-ke god liye gao me mahilao ne hisar chandigarh marg per lgaya jaam

CM के गोद लिए गांव में महिलाओं ने Hisar-Chandigarh मार्ग पर लगाया जाम

कैथल हरियाणा

प्रदेश के कैथल में बुधवार सुबह सीएम के गोद लिए गांव क्योड़क में हिसार चंडीगढ़ मार्ग एनएच-152 पर महिलाओं ने जाम लगा दिया। बताया जा रहा है कि महिलाओं ने यह जाम बिजली बिल अधिक आने के रोष स्वरूप लगाया। जाम के कारण हाईवे पर वाहनों का जमावड़ा लगा। महिलाओं ने आरोप लगाया कि सीएम के गोद लिए गांव में काफी परेशानियों का सामना लोगों को करना पड़ता है। गांव को जगमग योजना में शामिल तो किया, लेकिन यहां पर बिजली निगम की तरफ से सुविधाएं नहीं दी जा रही। जाम की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंची। महिलाओं को समझाने का प्रयास पुलिस द्वारा किया गया।

गांव क्योड़क में काफी पुराना चल रहा मुद्दा
गौरतलब है कि बिजली बिल अधिक आने का मामला गांव क्योड़क में पुराना है। जहां पर ग्रामीणों ने पहले भी बिजली बिल अधिक आने के रोष में कई बार पंचायत की हैं। इसके बावजूद लोगों की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो लोगों ने जाम लगा दिया। महिला सुमित्रा, रेनू व बाला ने कहा कि उन्हें हाईवे पर मजबूरन जाम लगना पड़ा है, क्योंकि सरकार उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रही है।