हरियाणा के नारनौल में नांगल चौधरी स्थित सिरोही बहाली टोल प्लाजा पर किसान संघर्ष समिति के नेताओं और टोल कर्मियों के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है किसान संघर्ष समिति के लोग टोल नहीं दे रहे थे। इस बीच टोल पर तैनात करीब 20 से 30 कर्मियों ने आकर उन पर लाठी डंडों से हमला बोल दिया। इस बारे में किसान संघर्ष समिति के नेताओं ने पुलिस में भी शिकायत की है।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने 20 से 30 टोल कर्मियों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, रात में हुए झगड़े के बाद किसान संघर्ष समिति और जनता सरकार मोर्चा ने सोमवार सुबह नांगल चौधरी में बने टोल को फ्री करवा दिया। इसके बाद वहां पर धरना भी दिया जा रहा है। जिसमें सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
टोल पर हुई इस घटना की जानकारी मिलते ही नांगल चौधरी पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने संघर्ष समिति के नेताओं को उनसे छुड़वाया। संघर्ष समिति के नेताओं की शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात 30 लोगों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 148, 149, 323, 506 व 427 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
कार्यकर्ता आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठे किसान
इस बारे में नांगल चौधरी थाना प्रभारी भूपेंद्र यादव ने बताया कि किसान संघर्ष समिति के नेताओं की शिकायत पर उन्होंने मामला दर्ज कर लिया है। अभी इस मामले में जांच जारी है। वहीं, झगड़े की सूचना के बाद सुबह सैकड़ों किसान और जनता सरकार मोर्चा के कार्यकर्ता टोल पर पहुंच गए और टोल फ्री करा दिया। जिसके बाद कार्यकर्ता आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।

