राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गैंगस्टर और खलिस्तानी-आतंकियों के खिलाफ बड़ा फैसला लेते हुए देश के कई राज्यों में छापेमारी की। गैंगस्टरों की तलाश में एनआईए ने दिल्ली एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और उत्तराखंड के करीब 50 इलाकों में छापेमारी की है। एनआईए ने यह कदम आतंकवादियों और ड्रग्स डीलर्ज के बीच साठगांठ को खत्म करने के मकसद से उठाई है। दरअसल, भारत में बैठे आतंकी मददगार विदेशों में रहे रहे आतंकियों और गैंगस्टरों को हवाला चैनल के माध्यम से हथियार और ड्रग्स की सप्लाई करते हैं।
बता दें कि एनआईए ने पंजाब के 30 इलाकों में छापेमारी की है, तो वहीं राजस्थान में 13, हरियाणा में 4, उत्तराखंड में 2, दिल्ली-NCR और यूपी में 1-1 जगह छापेमारी चल रही है। एनआईए ने खालिस्तान-आईएसआई और गैंगस्टर नेक्सस के खिलाफ कई सारे सबुत इकट्ठा किए हैं। कई गैंगस्टरों से पूछताछ के दौरान भी यह सामने आया है कि वह नेक्सस का इस्तेमाल टेटर फंडिंग, हथियार सप्लाई और विदेशों से देशी विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए करते हैं।

खालिस्तानी आतंकी अर्श डल्ला के करीबी को किया गिरफ्तार
यह कार्रवाई लॉरेंस, बंबीहा और अर्श डल्ला गैंग के सहयोगियों से जुड़े ठिकानों पर हो रही है। पंजाब के फिरोजपुर से खालिस्तानी आतंकी अर्श डल्ला के करीबी जोरा सिंह को गिरफ्तार किया गया है। उसके मोबाइल में अर्श डल्ला के साथ चैटिंग के सबूत मिले हैं। राजस्थान के जैसलमेर से एक संदिग्ध को हिरासत लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पंजाब में करीब 30 और हरियाणा में 4 जगहों पर रेड की सूचना है। यूपी के पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, अलीगढ़, सहारनपुर में NIA ने दबिश दी है। जांच एजेंसी की कार्रवाई ऐसे वक्त में सामने आई है जब खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर भारत-कनाडा के बीच विवाद चल रहा है।
निज्जर की हत्या के बाद उठा कदम
एनआईए ने यह कार्रवाई ऐसे समय की है, जब कनाडा में खलिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हालांकि उनकी हत्या के बाद कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रुडो ने उन्हें कनाडाई नागरिक बताते हुए भारत पर हत्या का आरोप लगाया था। इस दौरान उन्होंने कनाडा से भारतीय राजनयिक को भी बाहर कर दिया। इसके जवाब में भारत ने में दिल्ली से कनाडा के राजनयिक को निष्कासित कर दिया और कनाडा के लोगों के लिए वीजा सेवा भी रोक दी।
रोहतक में गैंगस्टर हिमांशु के ठिकानों पर पहुंची पुलिस
तीन साल पहले हिसार की बोस्टल जेल से फरार डेढ़ लाख के इनामी गैंगस्टर हिमांशु उर्फ भाऊ के रोहतक, सोनीपत, गुरुग्राम व दिल्ली में करीब 30 ठिकानों पर गुरुवार को पुलिस ने एक साथ छापा मारा। 10 घंटे चले सर्च अभियान में पुलिस को कुल 60 मोबाइल फोन, 44 सिम कार्ड, 7 लाख रुपये नकद, 2 मोटरसाइकिल, 16 जिन्दा कारतूस, 13 पेटी शराब देशी, विदेशी मुद्रा, डेबिट कार्ड, पासपोर्ट, बैंक दस्तावेज, डायरी व नोटबुक सहित अन्य सामान बरामद किया है।
बहन भावना के घर भी पुलिस की टीम पहुंची
पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राकेश आर्य व पुलिस अधीक्षक एसपी हिमांशु गर्ग के निर्देश पर गुरुवार को पुलिस ने दो डीएसपी, 14 इंस्पेक्टर व 550 पुलिसकर्मियों ने रोहतक, सोनीपत, गुरुग्राम व दिल्ली में दबिश दी। इसमें भाऊ के गांव रिटौली, कबूलपुर, सुंडाना व भाली में 40 से ज्यादा घरों में जांच की गई। इसके अलावा दिल्ली स्थित भाऊ की बहन भावना के घर भी पुलिस की टीम पहुंची। सर्च अभियान के लिए उप पुलिस अधीक्षक डॉ. रविन्द्र सिंह व उप पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह के नेतृत्व में सीआईए-1, सीआईए-2 व एवीटी स्टाफ के अलावा 30 टीम ने जांच की।

