अंबाला सिटी से पुलिस ने महिला ड्रग्स तस्कर को पकड़ने का मामला सामने आया है। जिसके कब्जे से पुलिस ने 51.95 ग्राम हेरोइन बरामद की है। महिला हेरोइन को अंडर गारमेंट्स में छुपा सप्लाई करने जा रही थी। हरियाणा स्टेट एंटी नारकॉटिक सैल ब्यूरो की टीम ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना पर की। गहन जांच के लिए पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है।
जानकारी के मुताबिक हरियाणा स्टेट एंटी नारकॉटिक सैल ब्यूरों की टीम गुरुद्वारा मंजी साहिब चौक के पास गश्त कर रही थी। इस बीच गुप्त सूचना मिली कि डेहा बस्ती अंबाला सिटी निवासी कोमल हेरोइन बेचने का धंधा करती है। आरोपी महिला अपनी एक्टिवा पर अपने घर राम नगर डेहा बस्ती से हेरोइन बेचने के लिए मोटर मार्केट की तरफ जाएगी। पुलिस ने सूचना के आधार पर जंडी माता मंदिर के सामने नाकाबंदी की। थोड़ी देर बाद कोमल बिना नंबर की एक्टिवा पर डेहा बस्ती की तरफ से आती हुई दिखाई दी, जो पुलिस को देखकर वापस भागने लगी। पुलिस ने पीछा कर महिला को मौके पर ही काबू कर लिया।
डयूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष ली तलाशी
ड्यूटी मजिस्ट्रेट डॉ. विनोद सोधी के समक्ष सिपाही रीना ने आरोपी महिला की तलाशी ली। इस दौरान सिपाही ने अंडर गारमेंट्स से एक लिफाफा बरामद किया। जिसमें 51.95 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने अंबाला सिटी थाना में धारा 21(बी)-61-85 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

