(समालखा से अशोक शर्मा की रिपोर्ट) पानीपत के खंड समालखा स्थित ‘पंजाबी श्रीकृष्ण सनातन धर्म मन्दिर’ में रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। शिविर में हर उम्र के लोग अपना स्वास्थ्य जांच कराने पहुंचे। शिविर ‘विश्व मानव रूहानी केंद्र‘ समाज सेवा संगठन की ओर से लगाया गया। जिसमें संगठन के कर्मचारियों ने निरंतर अपनी सेवाएं देकर लोगों की हरसंभव मदद की।
संगठन की ओर से सेवादास विक्की मनचंदा ने बताया कि शिविर में अनुभवी डॉक्टरों की ओर से 65 लोगों के स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान जांच के बाद मरीजों को संगठन की ओर से नि:शुल्क दवाई भी उपलब्ध कराई गई। यह कार्य संगठन पदाधिकारियों की देखरेख में सम्पन हुआ। सेवादास विक्की मनचंदा ने बताया कि ‘विश्व मानव रूहानी केंद्र’ समाज सेवा के ऐसे जन कल्याण कार्यो में प्रशासन का सहयोग लगातार जारी रखेगा।
उन्होंने बताया कि ‘विश्व मानव रूहानी केन्द्र’ एक परोपकारी एवं आध्यात्मिक संस्था है। यह संत बलजीत सिंह द्वारा सिखाए गए नैतिक जीवन,आध्यत्मिकता और ध्यान अभ्यास पर आधारित कार्यक्रमों और जन कल्याण के लिए विभिन्न प्रकार के समाज सेवा कार्यों का आयोजन करती है। कोरोना महामारी के दौरान भी संस्था की ओर से विभिन्न राज्यों में पूरी ऊर्जा एवं जोश के साथ चैरिटी कार्य किए गए। साथ ही लोगों की सहायतार्थ हाथ बढ़ाया गया।