हरियाणा के पानीपत शहर में NH-44 जीटी रोड पर सोमवार दोपहर को बाइक के ट्रक में घुसने से हुए बड़े हादसे में युवक के बाद उसकी मौसी और मौसेरी बहन की भी मौत हो गई। युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि उसकी मौसी और मौसी की लड़की गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिनका इलाज सिवाह बाइपास स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा था। जहां इलाज के दौरान मंगलवार सुबह दोनों की मौत हो गई। एक साथ तीन मौत होने से परिवार में कोहराम मच गया। हादसे के बाद से आरोपी ट्रक चालक मौके पर ट्रक छोड़कर फरार है।
पुलिस को दी शिकायत में कांता देवी ने बताया कि वह सैनी कॉलोनी की रहने वाली है। उसका बेटा राजकरण सोमवार को अपनी बाइक पर सवार होकर अपने मामा के गांव गवालड़ा गया था। जहां से दोपहर को वह अपनी मौसी गीता निवासी धोबी घाट चांद सराय करनाल और उसकी बेटी काजल को बाइक पर बैठा कर वापस पानीपत आ रहा था। जब वे सिवाह गांव के सामने जीटी रोड पर फ्लाइओवर के ऊपर पहुंचे तो उनके आगे तेज गति से चल रहे कैंटर नंबर HR55AK6811 के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिससे उसके बेटे का एक्सीडेंट हो गया। हादसे में उसके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसकी बहन और भतीजी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिनकी मंगलवार को मौत हो गई।

अगले महीने थी युवक की शादी
युवक राज का 1 महीने पहले ही रिश्ता तय हुआ था। अब अगले महीने दीवाली पर उसकी शादी होनी थी। घर के सभी सदस्य तैयारियों में जुटे हुए थे। युवक ने खुद अपना घर बनवाया। लेकिन विधाता को कुछ और ही मंजूर था। वह तीन बहनों का इकलौता भाई था। युवक की शादी के लिए घर परिवार तैयारियों में जुटा हुआ था।