भारतीय अभिनेत्री श्रीदेवी की मौत अभी भी कई लोगों के लिए एक रहस्य है, लेकिन उनके पति और फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने हाल ही में एक साक्षात्कार में एक राज से पर्दा उठाया है। खूबसूरत अदाकारा श्रीदेवी की मौत दुबई के एक होटल में 24 फ़रवरी 2018 को संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई थी। शुरुआत में बताया गया था कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा है, लेकिन बाद में जानकारी आई थी कि वह अपने होटल के कमरे के बाथरूम में बाथटब में डूब गई थी।
बॉलीवुड की खूबसूरत अदाकारा श्रीदेवी की मौत के बाद दुबई के अधिकारियों ने कहा था कि उनकी मौत बाथटब में डूबने के हादसे की वजह से हुई, लेकिन उनके पति बोनी कपूर ने हाल ही में एक साक्षात्कार में कहा है कि डॉक्टरों ने केवल डूबने पर ध्यान केंद्रित किया, जबकि श्रीदेवी की मौत के पीछे उनका डाइटिंग करना और नमक से परहेज़ करना भी था। हालांकि फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने पिछले 5 सालों से अपनी पत्नी और बॉलीवुड अदाकारा श्रीदेवी के निधन पर चुप्पी बनाए रखी थी। उन्होंने अब इस मामले पर पहली बार खुलकर बात की।

स्वभाविक नहीं आकस्मिक थी श्रीदेवी की मौत
बोनी कपूर का कहना है कि यह एक स्वभाविक मौत नहीं थी। यह एक आकस्मिक मौत थी। मैंने इसके बारे में न बोलने का फैसला किया था, क्योंकि जब मुझसे जांच और पूछताछ की जा रही थी तो मैंने लगभग 24 या 48 घंटों तक इसके बारे में बात की थी।

लाई डिटेक्टर सहित कई टेस्ट्स से गुजरे थे बोनी कपूर
दरअसल अधिकारियों का कहना था कि हमें ऐसा इसलिए करना पड़ा, क्योंकि भारतीय मीडिया का बहुत दबाव था। उन्हें पता चला कि इसमें कोई बेईमानी नहीं थी। मैं सभी टेस्ट्स से गुजरा। जिसमें लाई डिटेक्टर टेस्ट और अन्य सभी चीजें शामिल थीं। फिर निःसंदेह जो रिपोर्ट आई, उसमें स्पष्ट रूप से कहा गया कि यह आकस्मिक था।

अच्छी दिखने के लिए रहती थी अक्सर भूखी
फिल्म निर्माता बोनी कपूर का कहना है कि निधन के समय भी उनकी पत्नी श्रीदेवी डाइट पर थी। उन्होंने कहा कि वह अक्सर भूखी रहती थी और अच्छी दिखना चाहती थी। वह यह सुनिश्चित करना चाहती थी कि वह अच्छी स्थिति में रहे, ताकि स्क्रीन पर वह अच्छी दिखे। जब से उसकी मुझसे शादी हुई थी, तब से उसे कुछ मौकों पर ब्लैकआउट की समस्या हुई। डॉक्टर कहते रहे कि उसे लो बीपी की समस्या है।

