अंबाला जिले के दुखेड़ी गांव में एक अजीब मामला सामने आया है। जिससे लोगों में डर और चिंता का माहौल है। गांव के सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई वीडियो दिखाता है कि एक अज्ञात व्यक्ति गांव में घुसकर पहले मंदिर और खेड़ा में दीप जलाता है, फिर महिलाओं पर हमला करता है और अनजाने रूप में गायब हो जाता है। इस व्यक्ति की तस्वीर स्थानीय सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी देते हुए ग्रामीणों ने बताया कि कई दिनों से यह व्यक्ति गांव में आकर वारदात कर रहा है। जिसके बाद लोगों ने पुलिस और स्थानीय अधिकारियों को सूचित किया है। पुलिस गश्त कर रही है और गांव के लोग भी सतर्की बढ़ा रहे हैं। गांव के सरपंच ने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति ने कई मकानों में घुसकर अजीब व्यवहार किया। उन्होंने इसके बारे में पुलिस को सूचित किया और लोगों से सावधान रहने की अपील की है।
रोजाना पहरा देने पर भी नहीं आ रहा काबू
ग्रामीण रविंद्र राणा ने कहा कि कई दिन लगातार वारदात होने के बाद गांव में पहरा लगा रहे हैं। कई बार संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन अचानक ऐसे गायब होता है कि कहीं कोई सुराग नहीं लगा रहा। संदिग्ध व्यक्ति को यह भी मालुम है कि किस घर में घुसना है और कहां से निकलना है।
परिवार के उठने पर संदिग्ध हो गया फरार
सरपंच राजकरण सिंह ने बताया कि 26 अक्टूबर रात 2.42 पर गांव में एंट्री की। पहले निर्मल, माम राज और मेहर चंद के मकान में घुसा। मेहर चंद के घर 15 मिनट तक अंदर रहा। लाइट बंद करके संदिग्ध व्यक्ति महिला की खाट पर बैठ गया। परिवार के उठने पर संदिग्ध फरार हो गया। उसके बाद भी 28 अक्टूबर को गांव में दिखाई दिया। ग्रामीणों ने पुलिस को भी सूचित कर दिया है। पुलिस भी गश्त कर रही है और ग्रामीण भी ठीकरी पहरा लगा रही है। ग्रामीण तभी से संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ने में जुटे हैं, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं लगा।
घरों में सो रही महिलाओं पर करता है वार
वहीं जगदीश सिंह ने बताया कि रात के अंधेरे में एक व्यक्ति सफेद कुर्ता और लूंगी में गांव में आता है और वहां स्थित मंदिर और खेड़ा पर दीया जलाकर गांव के घरों में सो रही महिलाओं पर वार करता है। उसने घर के पास बने श्मशान घाट में उस व्यक्ति को घुसते देखा और ग्रामीणों ने उसका पीछा किया, लेकिन संदिग्ध व्यक्ति कहां गायब हुआ पता नहीं चला।

