हिसार में कार सवार युवकों ने पति के साथ जा रही महिला की कनपटी पर पिस्टल लगा कर उसे किडनैप करने का प्रयास किया। पति ने आरोपियों का विरोध किया तो उस पर हमला कर दिया। पति को बुरी तरह से पीट कर घायल कर दिया। हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल को सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
गांव शाहपुर निवासी 22 वर्षीय ममता ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति संजय के साथ बाइक पर सवार होकर खेत से घर आ रही थी। गांव शाहपुर-किरताना रोड पर पहुंचे तो रास्ते में गांव के ही अजय, डोभी निवासी अनिल व साथ में दो युवकों ने उनकी बाइक के आगे अपनी कार अड़ा दी। अचानक कार आगे अड़ाने से दोनों बाइक से गिर गए। उक्त युवक उन्हें गालियां देने लगे। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
ममता ने बताया कि युवकों ने उसकी कनपटी पर पिस्टल लगा दी। उसे जबरन अपनी गाड़ी में बैठा कर किडनैप करने लगे। पति संजय ने उनका विरोध किया तो उसे जमीन पर गिरा कर बुरी तरह से पीटा। पति ने उनके चंगुल से मुश्किल से छुड़वाया। उसने शोर मचाया तो आस-पास के लोग आ गए और पति-पत्नी का बीच बचाव कर उनकी जान बचाई। महिला के पति संजय को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। सदर थाना पुलिस ने ममता के बयान पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

