Congress MP Deependra Hooda

Congress MP दीपेंद्र हुड्डा ने मनेठी में होने वाले AIIMS के शिलान्यास पर उठाए सवाल, बोलें BJP सरकार अहंकारी

बड़ी ख़बर राजनीति रोहतक हरियाणा

कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने रेवाड़ी के मनेठी में होने वाले एम्स के शिलान्यास पर सवाल उठाया है। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार इसका राजनीतिक लाभ लेना चाहती है। उन्होंने एम्स के निर्माण में हो रही देरी के लिए खट्टर-दुष्यंत सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। ओबीसी समाज को जनसंख्या के आधार पर लाभ देने की बात तो कही, लेकिन कांग्रेस द्वारा कितने टिकट दिए जाएंगे के सवाल पर बात को गोल कर गए। उन्होंने प्रदेश में जातीय जनगणना कराने की भी बात कही।

दीपेंद्र हुड्डा रोहतक के भिवानी रोड स्थित भिवानी चुंगी पर आयोजित विश्वकर्मा डे पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि कार्यकर्ताओं और लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कामना की है कि भगवान विश्वकर्मा की कृपा से पूरे देश व प्रदेश में खुशहाली आए। कार्यक्रम के बाद दीपेंद्र सिंह हुड्डा पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल के 9 साल पूरे कर दिए, लेकिन समय रहते एम्स का निर्माण करवाने में सफल नहीं हो पाई है। अब चुनाव के नजदीक आते ही प्रदेश सरकार इसका शिलान्यास करवाकर कहीं न कहीं राजनीतिक लाभ लेना चाहती है।

दीपेंद्र ने भारतीय जनता पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री से लेकर प्रत्येक मंत्री और विधायक अहंकार में भरे हुए हैं। यहां तक कि मुख्यमंत्री तो अपने जनसंवाद कार्यक्रम में ही अहंकार की बात करते हैं। उन्होंने प्रदेश में जातीय आधार पर जनगणना कराई जाने की बात का समर्थन करते हुए कहा कि यह कांग्रेस पार्टी का राष्ट्रीय स्तर पर एजेंडा है, इसलिए प्रदेश में भी जातीय आधार पर जनगणना होनी चाहिए। ओबीसी वर्ग को जातीय आधार पर राजनीतिक लाभ मिलना चाहिए।

Whatsapp Channel Join

पत्रकारों ने जब प्रदेश कांग्रेस द्वारा जातीय आधार पर ओबीसी समाज को कितनी टिकट दी जाएंगी की बात पूछी तो दीपेंद्र हुड्डा इस सवाल को गोल कर गए। भगवान विश्वकर्मा डे पर उन्होंने कामना की कि भगवान विश्वकर्मा की कृपा से प्रदेश में खुशहाली आए और हरियाणा तरक्की के पथ पर अग्रसर हो।