हरियाणा में रोडवेज कर्मचारियों द्वारा 4500 बसों का संचालन बंद करने के बाद हरियाणा सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। सरकार की ओर से रोडवेज कर्मचारियों से ऐसा नहीं करने की अपील की है। परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने रोडवेज यूनियन से अपील कर कहा है कि बसों को रोकने से नहीं, बल्कि बातचीत से समस्या का हल निकलेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार कर्मचारियों के साथ है।
परिवहन मंत्री ने कहा कि बसों का संचालन रोकने से आम जनता को परेशानी हो रही है, इसलिए बसों का संचालन उन्हें फिर से शुरू करना चाहिए। परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने बताया कि परिवहन विभाग और हरियाणा रोडवेज सांझा कर्मचारी यूनियंस के प्रधानों सहित यूनियन के अन्य पदाधिकारियो के साथ शाम 5 बजे चंडीगढ़ स्थित कार्यालय में मीटिंग आयोजित की गई है। परिवहन मंत्री शर्मा ने बताया कि सरकार कर्मचारियों के साथ है और उनकी जो भी जायज मांगे होगी उन्हें पूरा किया जाएगा। बैठक में परिवहन विभाग के उच्च अधिकारी भी शामिल होंगे। परिवहन मंत्री ने कहा हरियाणा रोडवेज गरीब जनता का जहाज है, तो वहीं चालक परिचालकहरियाणा रोडवेज की जान हैं।
इस वजह से नाराज हैं रोडवेज कर्मचारी
12 नवंबर को हरियाणा रोडवेज के ड्राइवर राजवीर पर डस्टर सवार बदमाशों ने अंबाला कैंट बस स्टैंड की पार्किंग में कहासुनी होने पर हमला कर दिया था। राजवीर की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था। जहां राजवीर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। राजवीर सोनीपत के पटेल नगर के रहने वाला था।
सोमवार को राजवीर के शव का पोस्टमार्टम हुआ था। जिसके बाद परिजन चंडीगढ़ से सीधा उसके शव को अंबाला कैंट बस स्टैंड पर लेकर आए और यहां धरना शुरू किया। अधिकारियों के साथ वार्ता विफल होने पर रोडवेज सांझा मोर्चा की तरफ से बुधवार को प्रदेशभर में चक्का जाम करने का ऐलान किया गया है।