करनाल के उपलाना बस अड्डा के पास तेज गति वाली कार ने 2 छात्रों को कुचल दिया। जिसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया। उसे करनाल से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। घायल की कंडीशन सीरियस बताई जा रही है। पुलिस ने रात को छात्र के शव को कब्जे में लेकर असंध के पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। जिसका आज पोस्टमार्टम करा शव परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा।
वहीं पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चचेरे भाई के साथ काम पर जा रहा था असंध, रास्ते में मिला दोस्त रविवार की शाम करीब 6 बजे गांव ठरी का 17 वर्षीय समर अपने चचेरे भाई चांद राम के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने किसी पर्सनल काम के लिए असंध जा रहा था। जैसे ही उपलाना बस अड्डा पार किया तो रास्ते में दोस्त संजू मिल गया, जो की गांव अलावला का रहने वाला है।
दोस्त को देखकर समर ने रोकी बाइक
दोनों एक ही स्कूल में 10वीं कक्षा में पढ़ते थे। समर ने दोस्त को देखकर बाइक रूकवा ली थी। साइड में बाइक लगा दी और समर अपने दोस्त संजू से बातचीत करने लगा। जबकि उसका चचेरा भाई चांद राम साइड में बाथरूम करने के लिए झाड़ियों में उतर गया।
रोड़ क्रोस करते समय हुआ हादसा
चांद ने बताया कि जब वह रोड़ क्रोस कर रहा था तो इसी दौरान असंध की तरफ से आई एक तेज रफ्तार कार ने दोनों छात्रों को कुचलते हुए साइड में खड़ी बाइक को टक्कर मारी। टक्कर के धमाके से वह सन्न सा रह गया। वह जैसे ही बाइक के पास आया तो बाइक के परखच्चे उड़े हुए थे और समर सड़क पर व उसका दोस्त संजू सड़क के किनारे कच्ची जगह में लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था। इस हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ने के साथ गाड़ी का अगला हिस्सा भी बुरी तरह से दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
चचरे भाई की आंखों के सामने तोड़ा भाई ने दम
चांद राम ने बताया कि जब वह अपने भाई समर के पास गया तो उसने मेरी आंखों के सामने ही दम तोड़ दिया। भाई की मौत देखकर वह बुरी तरह से टूट चुका था, उसे कुछ समझ नहीं आ रहा था कि वह क्या करे। हादसा होता देख आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो चुके थे। जिन्होंने पुलिस को हादसे की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया।
3 भाइयों में सबसे छोटा भाई था समर
चांद ने बताया कि समर तीन भाइयों में सबसे छोटा था और 10वीं कक्षा में पढ़ रहा था। सबसे छोटा होने के कारण पूरे परिवार का दुलारा था। समर के पिता रामपाल कंबाइन मशीन पर काम करते हैं।
घायल को चंडीगढ़ पीजीआई किया गया रेफर
वहीं इस हादसे में घायल संजू को गंभीर अवस्था में करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टरों ने संजू का उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने की वजह से उसे चंडीगढ़ पीजीआई में रेफर कर दिया गया।
वारदात के बाद गाड़ी चालक फरार
असंध थाना के एसएचओ मनोज कुमार ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी कार चालक गाड़ी को मौके पर छोड़कर फरार हो गया है। गाड़ी व बाइक को पुलिस ने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आज समर के शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा।

