हरियाणा में ग्रुप-डी के परिक्षार्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि ग्रुप डी के एग्जाम का रिजल्ट तैयार हो चुका है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने हरियाणा स्टाफ सर्विस कमीशन से परिक्षार्थियों का सामाजिक-आर्थिक मानदंड का ब्योरा मांगा है, जिसके बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी परिक्षार्थियों का सीईटी स्कोर तैयार करने का काम शुरू करेगी।
इसके बाद अब आयोग एक सॉफ्टवेयर बना रहा है, जिसके जरिए वह परिक्षार्थियों से विकल्प मांगेगा। आयोग की ओर से कहा गया है कि परिक्षार्थियों से सॉफ्टवेयर के जरिए यह पूछा जाएगा कि वह ग्रुप डी की नौकरी करना चाहते हैं? यदि कोई उम्मीदवार न करता है तो वह मेरिट में होने के बाद भी मेरिट से बाहर हो जाएगा। आयोग की ओर से जानकारी दी गई है कि यदि उम्मीदवार हां विकल्प भरता है तो सॉफ्टवेयर में पदनाम और विभागों के नामों की लिस्ट खुल जाएगी। उसके बाद अभ्यर्थी यह चूज करेगा कि उसे कौन से विभाग में किस पद पर जाना है।
सॉफ्टवेयर तैयार करने में लगेगा 2 सप्ताह का समय
आयोग के अध्यक्ष भोपाल सिंह खदरी ने बताया कि सॉफ्टवेयर तैयार करने में 2 सप्ताह का समय लगेगा, जिसके बाद परिक्षार्थियों से जानकारी लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी को भेज दी जाएगी। आयोग अध्यक्ष ने बताया कि सॉफ्टवेयर के जरिए परिक्षार्थियों से जानकारी मांगे जाने के बाद भी रिजल्ट घोषित करने में 10 दिन का समय लगेगा। रिजल्ट कैटेगरी के अनुसार ही घोषित किया जाएगा। आयोग द्वारा ये जानकारी दिए जाने के बाद अब संभावना है कि दिसंबर के अंत तक ग्रुप डी का रिजल्ट नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा घोषित किया जा सकेगा।

