विकास और पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली ने आज हरियाणा के फतेहाबाद के हलका टोहाना में कई गांवों में परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। उन्होंने इसके लिए बहुत मेहनत की, सुबह से ही धूप में दौड़-दौड़कर काम किया। बिढ़ाई खेड़ा गांव में 10 परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास होना था, जिसके लिए मंत्री गाड़ी की बजाय दौड़ते हुए पहुंचे।
उन्होंने बिढ़ाई खेड़ा, डांगरा, मादुवाला, रताखेड़ा, ललोदा, लोहाखेड़ा, कन्हड़ी, भीमेवाला, गाजूवाला, हंसेवाला, चितेन, पारता, सानियाना, पिरथला, ठरवी, ठरवा, फतेहपुरी, चंदड़कलां, चंदड़खुर्द, इन्दाछुई, मनघेड़ा और रसूलपुर में 9 करोड़ 21 लाख रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। वहां उन्होंने गांव के बुजुर्गों और लड़कियों से परियोजनाओं का रिबन कटवाया। बबली ने बताया कि प्रदेश सरकार ने ग्रामीण विकास के लिए 7202 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया है। 2023-24 में 3145 करोड़ रुपए की राशि जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य की ग्राम पंचायतों में नए पार्क और व्यायामशालाएं बनाने का काम चल रहा है और एक हजार पंचायतों में ई-पुस्तकालय खोलने की योजना है।
750 गांवों में लगेंगी स्ट्रीट लाइटें, खुलेंगे महिला संस्कृति केंद्र
उन्होंने बताया कि 750 गांवों में स्ट्रीट लाइटें लगाने, 780 महिला संस्कृति केंद्र और 468 उच्च सुविधाओं वाले जिम्नेजियम स्थापित किए जा रहे हैं। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 1500 गांवों में मलयुक्त गाद का संग्रह हो रहा है। साथ ही वहां कोई भी ऐसा क्षेत्र नहीं है, जहां 20 किलोमीटर के दायरे में स्वच्छता उपकरण न हो, उसके लिए भी कार्य चल रहा है। चरणबद्ध तरीके से कई जगहों पर सड़कों का काम हो रहा है।
मिड-डे मिल, बस शेल्टर जैसे कार्य भी होंगे
साथ ही स्वच्छता अभियान के तहत घर-घर से कूड़ा उठाने, स्ट्रीट लाइट, मिड-डे मिल, बस शेल्टर जैसे कार्य भी किए जा रहे हैं। मंत्री ने जनप्रतिनिधियों से जनता के प्रति जिम्मेदारी समझने की अपील की और उन्हें विकास कार्यों में पारदर्शिता से जुटने की सलाह दी।