हरियाणा में रेल यात्रियों को आगामी 30 दिसंबर को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। अब कुरुक्षेत्र रूट पर भी 2 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलेंगी। जिससे इस रूट पर आवागमन करने वाले यात्रियों को लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 दिसंबर को अयोध्या धाम के पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करने के साथ 2 अमृत भारत और 6 वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे।
विधायक सुभाष सुधा ने पत्रकारों के साथ बातचीत में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बड़ी सौगात से धर्मनगरी वासियों को भी लाभ होगा, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में देश और प्रदेश दोनों का विकास हो रहा है। खास बात यह है कि नई दिल्ली से मां वैष्णो देवी कटरा और अमृतसर से पुरानी दिल्ली के बीच चलने वाली 2 वंदे भारत ट्रेनों का अंबाला कैंट में 2-2 मिनट का ठहराव रहेगा। ऐसे में इस रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के समय में बचत होगी। साथ ही वह जल्द गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

विधायक सुभाष सुधा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 8 में से 2 ट्रेन कुरुक्षेत्र रूट पर चलने से दिल्ली से कटरा और दिल्ली से अमृतसर जाने वाले हजारों यात्रियों को ट्रेन की सुविधा मिलेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 दिसंबर को आनंद विहार टर्नीमल से अयोध्या धाम जंक्शन दरभंगा एवं मालदा टाउन सर एम विश्वेश्वरैया टर्मिनल बैंगलूर के मध्य 2 अमृत भारत ट्रेनों को शुरु करने का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा 6 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन्स को भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरी झंडी देकर रवाना करेंगे। इनमें श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा से नई दिल्ली, अमृतसर से दिल्ली जंक्शन, कोयंबटूर से बैंगलूर कैंट, मंगलूरु से मडगांव, जालना से मुंबई तथा अयोध्या धाम जंक्शन से आनंद विहार टर्मिनल शामिल है।

वंदे भारत सप्ताह में 6 दिन पकड़ेगी पटरी पर रफ्तार
अंबाला डिवीजन के डीआरएम मनदीप भाटिया पत्रकारवार्ता के दौरान बताया कि कटरा से नई दिल्ली और अमृतसर से पुरानी दिल्ली तक चलने वाली वंदे भारत ट्रेन सप्ताह में 6 दिन पटरी पर रफ्तार पकड़ेगी। सप्ताह का 7वां दिन ट्रेन की देखरेख का होगा। इस रूट पर ट्रैक की क्षमता के अनुसार वंदे भारत ट्रेन की गति 130 किमी प्रति घंटा रखी जाएगी। बता दें कि आमतौर पर शताब्दी ट्रेन 120 से 125 किमी प्रतिघंटा से पटरी पर दौड़ती है, जबकि वंदे भारत ट्रेन करीब 52 सेकेंड में ही 100 किमी की रफ्तार पकड़ लेती है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल 6 वंदे भारत ट्रेनों और 2 अमृत भारत ट्रेनों (सिर्फ सेकेंड सीटिंग और स्लीपर क्लास) को हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें श्री वैष्णो देवी कटरा से नई दिल्ली, अमृतसर से दिल्ली, कोयंबटूर से बेंगलुरु कैंट, मैंगलोर से मडगांव, जालना से मुंबई, अयोध्या धाम से दरभंगा और अमृत भारत ट्रेन अयोध्या धाम से दरभंगा, मालदा टाउन से सर एम विश्वेश्वर टर्मिनस (बेंगलुरु) शामिल हैं।

अंबाला कैंट स्टेशन पर रहेगा 2-2 मिनट का ठहराव
डीआरएम मनदीप भाटिया के अनुसार नई दिल्ली से मां वैष्णो देवी कटरा और अमृतसर से पुरानी दिल्ली के बीच चलने वाली दोनों वंदे भारत ट्रेनों का अंबाला कैंट में 2-2 मिनट का ठहराव निर्धारित किया गया है। अमृतसर से पुरानी दिल्ली के बीच चलने वाली ट्रेन में 8 कोच जिनमें 530 सीटें शामिल होंगी, जबकि कटरा से दिल्ली जाने वाली में वंदे भारत में 16 कोच अर्थात 1138 सीटें रहेंगी।

वहीं अमृत भारत ट्रेन में 22 कोच की व्यवस्था की जाएगी। संभावना है कि जनवरी के पहले सप्ताह तक इन ट्रेनों का परिचालन शुरू कर दिया जाए। इन दोनों ट्रेनों की शुरुआत के साथ अंबाला डिवीजन में वंदे भारत ट्रेनों की संख्या अब 4 हो जाएगी।

वंदे भारत ट्रेन का साढ़े 5 घंटे में यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने का लक्ष्य
डीआरएम मनदीप भाटिया ने बताया कि कटरा से नई दिल्ली रूट पर चलने वाली वंदे भारत ट्रेन (22478) सुबह 6 बजे कटरा से प्रस्थान करेगी। यह सुबह 11:44 बजे अंबाला कैंट में 2 मिनट के ठहराव के बाद दोपहर 2 बजे दिल्ली अपनी यात्रा समाप्त करेगी। इसके बाद वापसी में दोपहर 3 बजे (22477) कटरा के लिए प्रस्थान करेगी। वहीं ट्रेन संख्या 22488 वंदे भारत ट्रेन सुबह साढ़े 8 बजे अमृतसर से प्रस्थान कर दोपहर 1:50 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इसके बाद दोपहर बाद 3:15 बजे वापस अमृतसर के लिए प्रस्थान करेगी।

विशेष बात यह है कि वंदे भारत ट्रेन यात्रियों के समय में बचत करने के साथ उन्हें जल्द ही गंतव्य तक पहुंचाएगी। अमृतसर से दिल्ली रूट पर चलने वाली वंदे भारत ट्रेन करीब साढ़े 5 घंटे तक अपनी यात्रा पूरी करेगी। वहीं कटरा से दिल्ली रूट पर चलने वाली वंदे भारत ट्रेन 8 घंटे में अपनी यात्रा पूरी करेगी। डीआरएम के अनुसार पहले दिन कटरा और अमृतसर से चलने वाली दोनों ट्रेनों का अंबाला कैंट में 30 दिसंबर को स्वागत किया जाएगा।


