अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के उपलक्ष्य में हरियाणा भर के विभिन्न शहरों में धार्मिक अनुष्ठान, हवन, श्री सुंदर कांड पाठ और भंडारा लगाया गया। जिसमें शहरवासियों ने भाग लेकर अपनी भगवान श्रीराम का स्वागत किया।
श्रीराम महोत्सव के उपलक्ष्य में शनिवार को पानीपत के सेक्टर-24 स्थित श्री बालाजी मंदिर में हवन-यज्ञ कर भंडारा लगाया गया। इस दौरान महिलाओं की ओर से कलश यात्रा निकाली गई। जिसमें सेक्टर-24 की महिलाओं ने कलश उठाकर सेक्टर का भ्रमण किया। साथ ही सेक्टर वासियों ने भी यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेकर अपनी आस्था का प्रमाण दिया। इससे पहले कलश यात्रा ढोल नगाड़ों के साथ मंदिर प्रांगण से शुरू की गई। तत्पश्चात सेक्टर वासियों ने मंदिर प्रांगण में प्राण प्रतिष्ठा के लिए किए गए हवन में आहुति दी।
इसके बाद भंडारा लगाया गया। जिसमें सेक्टर वासियों सहित आसपास के लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के नारे लगाए। इस दौरान सेक्टर वासियों ने बताया कि यह अत्यंत ही अच्छा कार्य हुआ है। जिसका काफी सालों से इंतजार था। करीब 500 वर्षों से रामलला टेंट में रह रहे थे। अब जाकर भव्य मंदिर बनकर श्रीराम को मिला है। जिसे युगों तक याद रखा जाएगा।