हरियाणा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने कहा कि पार्टी लोकसभा चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। यही नहीं प्रत्येक बूथ की माइक्रो तैयारी चल रही है। वह भले ही चुनाव लड़े या ना लड़े, यह केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा, लेकिन वह 10 की 10 लोकसभा सीटों को भाजपा की झोली में डालना चाहते हैं। उन्होंने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस में दो गुट हैं और कांग्रेस में हर व्यक्तित्व की लड़ाई सामने आ रही है। कांग्रेस एक मंच पर इकट्ठा नहीं हो सकती। नायब सिंह सैनी ने कहा कि राम मंदिर पर भाजपा नहीं कांग्रेस राजनीति कर रही थी। लोकसभा चुनाव में राम मंदिर कोई मुद्दा नहीं होगा।
नायब सिंह सैनी मंगलवार को हरियाणा के जिला रोहतक के कैनाल रेस्ट हाउस में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के पूर्व पार्षद नवरात्रा मल और उनके समर्थकों का पटका पहनाकर भाजपा में स्वागत किया। इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने सभी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में किसी को सम्मान नहीं मिलता, जबकि भाजपा में हर कार्यकर्ता का बराबर सम्मान है। नायब सिंह सैनी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में राम मंदिर कोई मुद्दा नहीं होगा। भगवान श्रीराम का मंदिर बनाना, सिर्फ भाजपा का लक्ष्य था, न कि चुनाव में इसका फायदा उठाना। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि भगवान श्रीराम 140 करोड़ जनता के आराध्य हैं। कल भगवान राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही संभव हुआ है।

कांग्रेस ने राम सेतु न होने का किया था दावा, रामायण को भी बताया काल्पनिक
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने तो राम मंदिर न बनने की सूरत में सुप्रीम कोर्ट में एफिडेविट तक दे दिया था। उस दौरान कांग्रेस का दावा था कि न तो राम सेतु है और रामायण भी काल्पनिक है। उन्होंने कहा कि कल अयोध्या में हुई भगवान श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के अगले ही दिन भाजपा में कांग्रेस नेताओं के शामिल होने का सिलसिला शुरू हो गया है। रोहतक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में कांग्रेस के पूर्व पार्षद नवरात्रा मल ने अपने साथियों के साथ भाजपा का दामन थामा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सैनी ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी में दूसरे दलों से आए नेताओं को भी पूरा मान सम्मान मिलता है। आज कांग्रेस के बड़े नेता भाजपा में शामिल होने को तैयार हैं।

कांग्रेस के नेता कभी एक मंच पर नहीं आ सकते : भाजपा प्रदेशाध्यक्ष
पत्रकारों से बातचीत के दौरान नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस की गुटबाजी काफी बढ़ गई है। दोनों गुट कभी साथ नहीं दिखाई देते। कांग्रेस के नेता कभी एक मंच पर नहीं आ सकते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में व्यक्तित्व की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की गारंटी झूठ वाली गारंटी है और लोगों को बरगलाने की कोशिश की जा रही है। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाकर रिकॉर्ड कायम रखेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकसभा चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। सभी 10 लोकसभा सीटों पर भाजपा अपना परचम लहराएगी। भाजपा को वोट की चिंता नहीं है, बल्कि पार्टी को विकास की चिंता है।