हरियाणा के जिला सोनीपत का ओपी जिंदल ग्लोबल विश्वविद्यालय एक बार फिर से नए विवाद के चलते चर्चा में आ गया है। विश्वविद्यालय पर एक बार फिर हिंदू विरोधी और देश विरोधी गतिविधियां चलाए जाने के आरोप लगे हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिंदल विवि में कई दिन पहले एक विद्यार्थी समूह चर्चा आयोजित करवाई गई। जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। विद्यार्थी परिषद का आरोप है कि वीडियो में कहा गया कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण अवैध रूप से हुआ है। इस मंदिर को तोड़कर फिर से मस्जिद बनाएंगे।
एबीवीपी के सदस्यों ने इस संबंध में बाकायदा विवि के पास स्थित पुलिस चौकी में शिकायत देकर संबंधित विद्यार्थी व संगठन के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है। साथ ही विवि परिसर के बाहर धरना देकर संबंधित विद्यार्थियों को विवि से बाहर करने की मांग की। ओपी जिंदल ग्लोबल विवि करीब दो माह पहले विवादित लैक्चर व विद्यार्थियों की निजता को खतरे में डालने के मामलों में काफी विवादों में रहा था। अब एक बार फिर से इसी तरह का मामला सामने आया है। शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्यों का एक दल विवि में पहुंचा और जमकर प्रदर्शन किया। यही नहीं एबीवीपी के सदस्य यहां धरने पर बैठ गए।

परिषद के सदस्यों ने बताया कि कई दिनों पहले ट्विटर यानि एक्स पर एक पोस्ट डाली गई। जिसमें दर्शाया गया कि जिंदल विवि के विद्यार्थियों ने एक समूह चर्चा का आयोजन करवाया। जिसका विषय राम मंदिर के विरोध से संबंधित था। इस चर्चा में यह कहा गया कि अयोध्या में राम मंदिर बनाया जाना गलत है। मंदिर को तोड़कर अब फिर से मस्जिद बनाएंगे। चर्चा करने वाले विद्यार्थियों ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश को गलत बताया। अब इस पूरे मसले को लेकर कार्रवाई करने की भी मांग उठी है।

इस दौरान सोनीपत नगर विस्तारक नितीश उपाध्याय का कहना है कि धरनारत एबीवीसी के सदस्यों ने विवि प्रशासन से मांग की है कि जिस विद्यार्थी ने राम मंदिर के विरोध में समूह चर्चा करवाई है, उसे विवि से बाहर का रास्ता दिखाया जाए। साथ ही उसके खिलाफ तुरंत पुलिस में मुकदमा दर्ज करवाया जाए। उन्होंने कहा कि यदि विवि प्रशासन ने उनकी मांगें नहीं मानी तो वह लगातार धरना देंगे और विरोध प्रदर्शन करेंगे।


