Lok Sabha Election 2024 : हरियाणा से लोकसभा चुनाव में उतारे जाने वाले भाजपा के उम्मीदवारों की चयन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। हरियाणा भाजपा कोर कमेटी ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित संगठन महामंत्री बीएल संतोष से प्रदेश की सभी 10 लोकसभा सीटों के संभावित उम्मीदवारों को लेकर अंतिम चर्चा कर ली है। अब 8 मार्च को होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति में इस अंतिम सूची पर चर्चा के बाद मुहर लगाई जाएगी। इसके बाद हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का खुलासा किया जाएगा।
गौरतलब है कि हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों के उम्मीदवार घोषित होने में केवल 1 दिन का समय शेष रह गया है। भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ एक-एक सीट पर चर्चा करने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब, सह प्रभारी सुरेंद्र नागर, प्रदेशाध्याक्ष नायब सैनी और संगठन मंत्री फणींद्रनाथ शर्मा मौजूद रहे। अब 8 मार्च शुक्रवार को होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इस अंतिम सूची पर चर्चा करने के बाद केंद्रीय नेतृत्व मुहर लगाने का काम करेगा। इसके बाद सभी 10 सीटों के उम्मीदवार घोषित किए जाएंगे।

गौरतलब है कि भाजपा के उम्मीदवारों के चयन को लेकर एक पूरी प्रक्रिया होती है। इसके लिए लोकसभा प्रभारियों की ओर से प्रमुख कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक के आधार पर प्रदेश चुनाव समिति में नाम दिए गए हैं। प्रदेश चुनाव समिति में एक लोकसभा क्षेत्र से प्रमुख नामों का पैनल तैयार किया गया है। इस पैनल पर भाजपा अपने वैचारिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित चर्चा कर रही है।

इसके बाद जो नाम सर्वमान्य और जीतने वाले होंगे, उन्हें हाईकमान के समक्ष रखा गया है। जिस पर शुक्रवार को अंतिम फैसला आने की संभावना जताई जा रही है। बता दें कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वर्ष 2019 की भांति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रदेश की सभी 10 सीटों पर जीत का आश्वासन दिया हुआ है। जिसके तहत मुख्यमंत्री मनोहर लाल उम्मीदवार चयन प्रक्रिया को लेकर पहले से ही कमान संभाले हुए हैं।

उन्होंने संगठन के माध्यम से आए प्रमुख नामों के अलावा पार्टी सर्वे के आधार भी उम्मीदवारों का चयन कर पार्टी हाईकमान को सौंप दिया है। माना जा रहा है कि 8 मार्च को होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इन नामों पर कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नजर नहीं आ रही है।

