हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा पार्टी कार्यकर्ताओं का संगठन है। भाजपा और पार्टी का हर कार्यकर्ता चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। भाजपा हरियाणा में सभी 10 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़कर अपनी जीत दर्ज करवाएगी।
कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर शनिवार को जगाधरी शहर के अमर विहार और केसर नगर में 43 लाख से बनने वाली गलियों के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने अमर विहार स्थित सुभद्रा शिव मंदिर के नवनिर्मित हाल का उद्घाटन भी किया। कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि मनोहर सरकार में प्रदेश में विकास कार्य रफ्तार के साथ करवाए जा रहे हैं। भविष्य में भी यह रफ्तार कम होने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में फिर से भाजपा का परचम लहराएगा।

इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि लोकसभा चुनावों को लेकर भाजपा संगठन मजबूती से तैयार है। इसको लेकर बैठकों का दौर चल रहा है। देश में तीसरी बार केंद्र में मोदी सरकार बनेगी और हरियाणा की सभी 10 की 10 लोकसभा सीटों पर पार्टी जीत दर्ज करवाकर विकास कार्यों की गति को बरकरार रखेगी।

कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि भाजपा पूरे प्रदेश की जनता के लिए काम कर रही है। आज जिन गलियों का उद्घाटन किया गया, जल्द ही वह बनकर तैयार हो जाएंगी। हमारा प्रयास है कि सभी जगह समान रूप से विकास करवाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 1000 कॉलोनियों को नियमित किया गया है, जो कि पूर्व की सरकारों से तीन गुणा ज्यादा हैं। जिले में भी लगभग 100 कॉलोनियों को अप्रूवड किया गया और वहां पर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।

कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि सरकार की सोच और प्रयास है कि शहर में कोई भी एरिया या क्षेत्र ऐसा न हो, जो विकास से अछूता रह जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में अब तक जहां प्रदेश में बहुत बड़ा बदलाव आया, वहीं जिला यमुनानगर और जगाधरी विधानसभा में भी बहुत बदलाव हुआ है।

उन्होंने कहा कि जगाधरी में नगर निगम क्षेत्र में भी करोड़ों रुपये की लागत से विकास कार्य हुए हैं। वही शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बहुत बड़ा बदलाव जगाधरी विधानसभा में देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ सबका विकास के तहत अपने पथ पर अग्रसर है। भविष्य में भी आमजन की भलाई के लिए यह प्रयास जारी रहेंगे।


