सिरसा में घग्गर के जलस्तर की क्षमता 30 हजार क्यूसेक से अधिक 48 हजार खतरे के निशान के पार पहुंच गई है। पानी अधिक होने के कारण 11 किलोमीटर के एरिया में चार जगह मीरपुर, खैरेकां, पनिहारी और बुर्जकर्मगढ़ के बीच से नदी का तटबंध टूट गया।
कई जगह तटबंध टूटने से सिरसा के पांच गांवों में चार फुट तक पानी भर गया और पांच हजार एकड़ में फसल जलमग्न हो गई। पानी आने से खेतों में रहने वाले लोगों ने अपने मकानों को खाली कर दुसरी जगह पलायन करने लगे हैं।
प्रशासन उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में लगा हुआ है। इस दौरान डीसी पार्थ गुप्ता और एसपी उदय सिंह मीणा ने ग्रामीणों के बीच जाकर उनकी हौसला अफजाई की और बचाव कार्यों का निरीक्षण किया।
पानी बढ़ता देख लोग कर रहे नदी के किनारे पर पूजा
घग्गर का जलस्तर बढ़ने पर ग्रामीणों को अपने खेतों और मकानों की चिंता सता रही है। इसलिए लोग घग्गर नदी को शांत रखने के लिए इसके किनारे आकर पूजा कर रहे हैं।
पनिहारी गांव में तीन हजार एकड़ की फसल हुई बर्बाद
हरियाणा से पंजाब के साथ लगते सिरसा के गांव मुसाहिबवाला से घग्गर का बांध टूटने के कारण गांव पनिहारी में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। घग्गर नदी का जलस्तर अब 35 हजार क्यूसेक तक पहुंच गया है। किसान अब मायूस होकर अपनी आंखों से फसल को खराब होते हुए देख रहे हैं।

