IPL 2024 Update : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 17वां संस्करण शुक्रवार 22 मार्च से दिग्गज चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के बीच मुकाबले के साथ शुरू होगा। यह टकराव भारत के दो पूर्व कप्तानों के बीच चेन्नई में होगा। सीएसके का नेतृत्व महेंद्र सिंह धोनी करेंगे जबकि विराट कोहली आरसीबी के लिए मैदान में उतरेंगे। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के अब तक 3 खिलाड़ी चोटिल हो चुके हैं। सीएसके को इस सीजन में मुश्किल का सामना करना पड़ सकता है।
गौरतलब है कि IPL 2024 में चेन्नई सुपर किंग्स का पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से 22 मार्च को चेन्नई में खेला जाएगा। इसके लिए दोनों ही टीमों ने तैयारी शुरू कर दी है, लेकिन महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली टीम चेन्नई को थोड़ा मुश्किल का सामना कर पड़ सकता है। मुकाबले से पहले सीएसके के 3 खिलाड़ी चोटिल हो गए हैं। इनमें से एक को तो एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया था। चोटिल होने वाले खिलाड़ियों में डेवोन कॉनवे, मुस्तफिजुर रहमान और मथीशा पथिराना शामिल हैं। ऐसे में टीम सीएसके को नुकसान हो सकता है। बता दें कि डेवोन कॉनवे टीम के मजबूत हिस्सा रहे हैं। उन्होंने पिछले सीजन में कमाल का प्रदर्शन किया था।

इन खिलाड़ियों का खेलना मुश्किल
बता दें कि न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बैटर डेवोन कॉनवे को सीएसके ने 1 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह 2022 से टीम के साथ हैं। कॉनवे ने 2023 में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 16 मैचों में 672 रन बनाते हुए 6 अर्धशतक लगाए थे। कॉनवे का सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 92 रन रहा था, लेकिन इस सीजन में उनका खेलना मुश्किल हैं. कॉनवे के बाएं अंगूठे में चोट लगी है। वह न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए मैच में चोटिल हुए थे।

वहीं बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान कई मौकों पर शानदार गेंदबाजी कर चुके हैं। सीएसके ने उन्हें 2 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल चुके हैं। मुस्तफिजुर का IPL 2024 के शुरुआती मैचों में खेलना मुश्किल है। वह बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में चोटिल हो गए। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाना पड़ा।

उधर तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना को सीएसके ने 2022 में खरीदा था। इसके बाद उन्हें 2023 में रिटेन किया। पथिराना ने पिछले सीजन के 12 मैचों में 19 विकेट झटके थे। इससे पहले पथिराना ने 2022 में सिर्फ 2 मैच खेले थे। इस दौरान 2 विकेट लिए थे, लेकिन उनका इस सीजन में खेलना मुश्किल नजर आ रहा है। पथिराना बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच खेली गई टी20 सीरीज के दौरान चोटिल हो गए थे।

टूर्नामेंट से बीसीसीआई करेगा बंपर कमाई
बता दें कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 17वां सीजन 2 दिन बाद 22 मार्च से शुरू होने वाला है। 2 महीने तक चलने वाले इस टूर्नामेंट से बीसीसीआई बंपर कमाई करने वाला है। दुनिया की अन्य टॉप-10 क्रिकेट लीग मिलकर भी कमाई के मामले में आईपीएल से करीब चार गुना पीछे हैं। वहीं पाकिस्तान अपनी फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग पीएसएल से एक सीजन में ब्रॉडकास्टिंग राइट्स से जितनी कमाई करता है, आईपीएल एक मैच दिखाकर उतना कमा लेता है। आईपीएल की ब्रांड वैल्यू 2023 में 88 हजार करोड़ रुपये आंकी गई, जो इसे क्रिकेट में लंबे फासले से नंबर-1 लीग बनाती है।

जानिए क्या होती है ब्रांड वैल्यू?
गौरतलब है कि ब्रांड वैल्यू किसी लीग के पूरे इकोसिस्टम की वैल्यू होती है। किसी टूर्नामेंट की ब्रांड वैल्यू उसके ब्रॉडकास्टिंग राइट्स, रेवेन्यू, मैदान में आने वाले दर्शक, स्पॉन्सर, टाइटल राइट्स, टीवी और ऑनलाइन दर्शक, खिलाड़ियों की कीमत, टीमों की कीमत और विज्ञापनों से तय होती है। आईपीएल की ब्रांड वैल्यू 2023 में 10.7 बिलियन डॉलर (करीब 88700 करोड़ रुपये) रही। साधारण का मतबत है कि अगर किसी को आईपीएल का मालिक बनना है तो उसे बीसीसीआई को 88700 करोड़ रुपये अदा करने होंगे।

किस प्रकार ब्रॉडकास्टिंग में पूरे पीएसएल सीजन के बराबर एक आईपीएल मैच
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार वर्ष 2023 में बीसीसीआई को आईपीएल के डिजिटल और टीवी राइट्स बेचने पर 48391 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। यह रकम 5 साल के मैचों के लिए मिली, यानि एक सीजन के लिए ब्रॉडकास्टर्स ने 9678 करोड़ रुपये अदा किए। इस हिसाब से BCCI को एक मैच दिखाने के लिए 119 करोड़ रुपये मिल रहे हैं।

वहीं एक पीएसएल सीजन के लिए ब्रॉडकास्टर्स पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को 124 करोड़ रुपये देते हैं। यानि एक मैच से 3.60 करोड़ रुपये। विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) तक में एक मैच की ब्रॉडकास्टिंग से बीसीसीआई को 8.70 करोड़ रुपये मिलते हैं, जो पीएसएल के मैच से ढाई गुना ज्यादा है। उधर ब्रॉडकास्टिंग राइट्स में ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (बीबीएल) दूसरे नंबर पर है। यहां एक मैच के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) को 14.50 करोड़ रुपये मिलते हैं। डब्ल्यूपीएल इस मामले तीसरे और द हंड्रेड लीग चौथे नंबर पर है।


