अंबाला शहर से भाजपा के विधायक असीम गोयल (BJP MLA Aseem Goyal) राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनने के बाद बुधवार को पूर्व गृह मंत्री अनिल विज (EX Home Minister Anil Vij) से मुलाकात करने अंबाला कैंट उनके आवास पर पहुंचे। जहां राज्य मंत्री गोयल ने अनिल विज के पांव छूकर विज के गले लगे। इसके अलावा असीम गोयल ने अनिल विज को बुके देते हुए लड्डू भी खिलाएं। पूर्व मंत्री ने असीम गोयल को राज्यमंत्री बनने पर शुभकामनाएं दी।
बता दें कि हरियाणा में 12 मार्च को भाजपा-जेजेपी का गठबंधन टूट गया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपनी पूरी कैबिनेट सहित इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद नए मुख्यमंत्री का चयन करने के लिए विधायक दल की मीटिंग हुई। मीटिंग में दिल्ली से केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और तरुण चुघ भी शामिल थे। अनिल विज अचानक मीटिंग से नाराज होकर निकल गए थे। शाम को नायब सैनी ने नए मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, लेकिन अनिल विज कार्यक्रम में नहीं थे।

पूर्व गृहमंत्री अनिल विज ने कैबिनेट विस्तार को लेकर 3 दिन पहले अपनी चुप्पी तोड़ी। विज ने कहा कि कैबिनेट का विस्तार हो रहा है मुझे मालूम नहीं। न मुझे किसी ने बताया, न किसी ने मुझसे संपर्क किया। मनाने की बात नहीं है, मैं रूठा हुआ नहीं हूं।

बेहतरीन काम करेंगे सीएम नायब सैनी
विज ने कहा कि सीएम के शपथ ग्रहण के बाद मेरे से आज तक किसी ने कोई बात नहीं की है। मैंने सेशन भी अटैंड किया है। सेशन में भी सब मौजूद थे, मेरे साथ किसी ने कोई बात नहीं की। जो कर रहे हैं, अच्छा कर रहे हैं, अच्छी सरकार चलाएंगे। नायब सिंह सैनी हमारा छोटा भाई है, हमें उम्मीद है, वह बेहतरीन काम करेंगे। सीएम नायब सिंह सैनी मंगलवार को अंबाला पहुंचे थे। सीएम सैनी ने भी मुलाकात नहीं की।


