Arvind Kejriwal Arrested : दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ इंडिया गठबंधन एकजुट हो गया है। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और अन्य विपक्षी दल 31 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली करेंगे। इस रैली में इंडिया गठबंधन के सभी दल एकजुट नजर आएंगे। उधर दिल्ली शराब घोटाला मामले में 21 मार्च को गिरफ्तार किए गए मुख्यमंत्री केजरीवाल जेल से सरकार चला रहे हैं। उन्होंने 24 मार्च रविवार को जल मंत्रालय के नाम पहला सरकारी आदेश जारी किया। केजरीवाल का कहना है कि दिल्ली में जहां पानी की कमी है, वहां टैंकरों का इंतजाम किया जाए।
केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर इंडिया गठबंधन के नेताओं ने रविवार को संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता की। जिनमें दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय, दिल्ली कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली और अन्य नेता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर अपना विरोध जताया। मुख्यमंत्री केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी आज पहली बड़ी बैठक कर रही है। पार्टी के जनरल सेक्रेटरी संदीप पाठक बैठक ने बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान आगामी रणनीति पर फैसले लिए जाएंगे।
इस दौरान आप नेता गोपाल राय ने कहा कि केंद्र सरकार विधायकों की खरीद-फरोख्त कर लोगों को डरा-धमकाकर पूरे विपक्ष को चुप करा रही है, जो झुकने और डरने को तैयार नहीं हैं। उन पर फर्जी मुकदमें करके उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है। गोपाल राय ने कहा कि 31 मार्च की रैली रामलीला मैदान में आयोजित की जाएगी। इसके लिए पुलिस व प्रशासन से अनुमति ली जाएगी। यह रैली रविवार 31 मार्च सुबह 10 बजे बुलाई गई है।

गोपाल राय ने कहा कि जिस कथित शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया है, उसमें आज तक कोई मनी ट्रेल सीबीआई या ईडी नहीं ढूंढ पाई है। चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी के खाते सीज कर दिए गए। आज कांग्रेस पार्टी चुनाव प्रचार के लिए अपने ही खातों के पैसों का इस्तेमाल नहीं कर पा रही है। यदि इतनी पुरानी पार्टी का खाता सीज हो सकता है तो इनको चंदा देने वाले व्यापारियों का खाता भी सीज किया जा सकता है। यह लोगों की स्वतंत्रता का हनन हो रहा है।

वहीं कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि हम देश में लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई में अपने गठबंधन के सभी साथियों के साथ मजबूती से खड़े हैं। चुनाव में सभी को समान अवसर नहीं मिल रहे। चुनाव जीतने के लिए चुने हुए मुख्यमंत्रियों, चाहे वह हेमंत सोरेन हो या अरविंद केजरीवाल, उनको गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने सत्ता पक्ष पर सवाल उठाते हुए कहा कि आप देश में किस तरह का लोकतंत्र स्थापित करना चाहते हैं। लवली ने कहा कि 31 तारीख को होने वाली रैली में इंडिया गठबंधन के सभी शीर्ष नेता शामिल होंगे।
लवली ने कहा कि यह रैली कोई राजनीतिक रैली नहीं होगी, बल्कि यह देश में लोकतंत्र को बचाने का एक कदम है। उन्होंने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के अलावा सभी सामाजिक संगठनों, आरडब्लूए और सिविल सोसाइटी के लोगों से रैली में शामिल होने की अपील की। वहीं लेफ्ट ने भी अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध जताते हुए आम आदमी पार्टी को अपना पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया।

वहीं आप मंत्री आतिशी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल जेल में भी दिल्ली के लोगों के बारे में सोच रहे हैं। उन्होंने शनिवार शाम मुझे बतौर जल मंत्री कुछ निर्देश भेजे हैं, ताकि दिल्ली के लोगों को गर्मियों के दौरान पानी संबंधी कोई परेशानी न हो। आतिशी ने कहा कि 31 मार्च को रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन की रैली अरविंद केजरीवाल को बचाने के लिए नहीं, बल्कि लोकतंत्र को बचाने के लिए होगी।