Breaking News : (समालखा से अशोक शर्मा की रिपोर्ट) पानीपत के खंड समालखा स्थित नगर पालिका के सचिव और एसपीआईओ को चंडीगढ़ तलब किया है। बताया जा रहा है कि आरटीआई के तहत नपा अधिकारियों से चार मुख्य बिंदुओं पर सूचना मांगी गई थी, जिनका कोई जवाब नहीं दिया गया। अब इस मामले में नपा अधिकारियों को चंडीगढ़ तलब किए जाने का मामला सामने आया है।
समालखा की वाल्मीकि बस्ती निवासी आरटीआई कार्यकर्ता रोहित लाहोट ने बताया की उन्होंने दिनांक 3-7-2023 को नगरपालिका समालखा में एक आरटीआई दाखिल कर चार मुख्य बिंदुओं पर सूचना मांगी गई थी। यह समालखा नगर पालिका में लगे ऑपरेटरों और श्मशान घाट समालखा के पास हुए नाला नवीनीकरण व वार्ड 8 में हुए विकास कार्यों से संबंधित थी, लेकिन नगर पालिका समालखा की ओर से इस पर जान बूझकर कोई जवाब नहीं दिया।

इसके बाद आरटीआई कार्यकर्ता रोहित लाहोट ने दिनांक 28-8-2023 को इसकी प्रथम अपील की, लेकिन पालिका समालखा ने भ्रष्टाचार की पोल खुलने की वजह से जानबूझकर सूचना को दबाए रखा। जिसके बाद आरटीआई कार्यकर्ता ने दिनांक 6-10-2023 को चंडीगढ़ राज्य सूचना आयोग में इसकी द्वितीय अपील की, जिसके बाद आयोग ने इस पर कार्रवाई करते हुए नगर पालिका सचिव और एसपीआईओ को व्यक्तिगत रूप से दिनांक 22-8-2024 को नोटिस भेजकर तलब किया है।
वहीं आरटीआई कार्यकर्ता ने बताया कि नगरपालिका समालखा से सूचना मिलने के बाद एक बड़े भ्रष्टाचार की पोल खुलेगी, जिसका खामियाजा भ्रष्टाचारियों को भुगतना पड़ेगा।

