हरियाणा के जिला यमुनानगर के पंजेटो में गांव का ही एक युवक युवती को लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि 13 अप्रैल को युवती के घर शहनाई बजने वाली थी, लेकिन अब परिवार बेहद दुखी हैं। युवती के परिजनों और रिश्तेदारों में काफी रोष है। वह डंडे लेकर जगाधरी सदर थाना पहुंचे और थाने के बाहर जमकर हंगामा किया।
गौरतलब है कि यमुनानगर के गांव पंजेटो में एक लड़का और लड़की के बीच दोस्ती प्यार में कब बदल गई, इसका किसी को भी पता नहीं चला। बताया जा रहा है कि 13 अप्रैल को लड़की की शादी थी। आरोप है कि वह 28 मार्च को ही गांव के ही रोहित नाम के लड़के के साथ भाग गई। पीड़ित परिवार ने जगाधरी के सदर थाना में इसकी शिकायत की थी, लेकिन 3 दिन बाद रात के करीब 1:30 बजे परिवार के पास फोन आया। जिससे पता चला कि जिला अंबाला के लाल कुर्ती थाना के अंतर्गत युवक और युवती पुलिस की कस्टडी में है। वहीं अब परिवार वालों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए और वह थाने के बाहर लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए। युवती के पिता का आरोप है कि हमारी बेटी पर जबरन दबाव बनाया जा रहा है। इस मिलीभगत में गांव का सरपंच भी शामिल है।

वहीं युवती के परिजन और रिश्तेदार काफी देर तक थाने के बाहर लाठी डंडे लेकर हंगामा करते रहे। पुलिस ने उन्हें लाख समझाने की कोशिश की, लेकिन वह काफी देर तक नहीं माने। उन्होंने आरोप लगाया कि लड़के को बचाया जा रहा है। सदर थाना जगाधरी के थाना प्रभारी अनंत राम का कहना है कि पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया है और युवती को मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज करवाने के बाद सेफ हाउस भेज दिया है। आगे दोबारा बयान लिए जाएंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
परिजनों का कहना है कि 13 अप्रैल को घर में शहनाई बजनी थी, लेकिन परिवार अब परेशानी में है कि आगे करें तो क्या करें। परिवार का सोचना इसलिए भी वाजिब है, क्योंकि इससे पहले भी इसी तरह का एक मामला इस गांव में पहले भी सामने आ चुका है। परिवार इज्जत के लिए लड़के पर कार्रवाई की मांग कर रहा है और पुलिस कानून का हवाला देकर कार्रवाई की बात कर रही है। अब देखना होगा आने वाले दिनों में इस मामले में आगे क्या होता है।

