प्रदेश में एक के बाद एक नदी अपना प्रकोप दिखा रही है। चारों तरफ बाढ़ के पानी ने तबाही मचाई हुई है। हरियाणा के फतेहाबाद में बाढ़ के हालात काफी खराब हो चुके हैं। लोगों को बचाने के लिए सेना ने मोर्चा संभाला है।
जाखल, टोहाना और रतिया के बाद बाढ़ का पानी आस-पास के क्षेत्र में प्रवेश कर गया है। रतिया मार्ग पर रंगोई चैनल में कई स्थानों पर दरारें आ चुकी हैं। अब तक जिले के 102 गांव बाढ़ से प्रभावित हो गए हैं।
जेसीबी से सड़क को तोड़कर पानी का रुख बदला
गांव अयाल्की की आबादी में जलभराव न हो, इसलिए प्रशासन ने रतिया-फतेहाबाद मार्ग पर दो स्थानों पर जेसीबी से सड़क को तोड़कर पानी का फ्लो दूसरी ओर कर दिया। चिम्मो हैड से निकला पानी और फतेहाबाद के अयाल्की गांव के पास से गुजरने वाले रंगोई चैनल में जा मिला।
कहीं सड़क तो कहीं नहर तोड़ी
पानी के बहाव से बचने के लिए बहलभोमिया में भिरडाना डिस्ट्रीब्यूटरी को ग्रामीणों ने तोड़ दिया, जिससे पानी भिरडाना में प्रवेश कर गया। इसके अलावा गांव काताखेड़ी में चार-चार फुट पानी आ जाने के चलते सड़क को तोड़कर पानी का प्रवाह दूसरी ओर किया गया।
गांव रजाबाद और बहल भोमिया में सुबह ही पानी पहुंच गया था और यह पानी अब बरसीन से होते हुए फतेहाबाद की ओर प्रवेश कर गया है।

