डेंगू के साथ चिकनगुनिया ने दी दस्तक, तीन मरीज मिले

यमुनानगर

सड़कों पर जमा बाढ़ के पानी ने स्वास्थ्य विभाग के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। बारिश के बीच जहां डेंगू अपने पांव पसारने शुरू किए वहीं पर चिकनगुनिया ने भी अपनी दस्तक दे दी है। डेंगू के साथ अब चिकनगुनिया भी स्वास्थ्य विभाग की परेशानी बढ़ाने वाला है। शहर में चिकनगुनिया के तीन मरीज मिले हैं। इनमें मुखर्जी पार्क में 39 साल की महिला और 40 साल का पुरुष और नालागढ़ की माजरी में 40 साल का व्यक्ति शामिल है।

तीन मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनके घरों का जायजा लिया। विभाग ने उनका उपचार शुरू कर दिया है। साथ ही मरीजों के परिजनों के भी सैंपल लिए हैं। विभाग ने कहा कि जिन घरों में चिकनगुनिया के मरीज मिले हैं और उनके आसपास फॉगिंग कराई जाएगी, जिससे कि बीमारी को रोका जा सके।

शहर में डेंगू के पांच और चिकनगुनिया के 3 केस मिले हैं। इनमें नौ और 13 साल के बच्चों समेत 6 लोग शामिल हैं। यमुनानगर में स्वास्थय विभाग की टीम ने जायजा लेने के बाद कहा कि बारिश के बाद अब डेंगू और मलेरिया का खतरा बढ़ गया है।

Whatsapp Channel Join

नगर निगम ने शुरु की फॉगिंग

जिले मे जहां डेंगू के केस मिले हैं सभी जगहों पर स्वास्थ्य विभाग के आदेशों पर नगर निगम फॉगिंग करवा रहा है। जमा पानी के कारण आने वाले दिनों में डेंगू के केसों की संख्या में और बढ़ोतरी हो सकती है। रूक-रूक कर हो रही बारिश का पानी घरों की छतों और सड़कों पर जमा हो रहा है। जिसमें डेंगू का लारवा पनप रहा है।

विभाग ने बनाया 30 बेड़ का डेंगू वार्ड

डेंगू के एक साथ पांच केस मिलने पर जिला मलेरिया विभाग ने मुकंद लाल जिला सिविल अस्पताल समेत विभिन्न जगहों पर 30 बेड के डेंगू वार्ड बना दिए हैं। जिला अस्पताल में डेंगू वार्ड के लिए 10 बेड, जगाधरी अस्पताल में 8, ईएएसआई अस्पताल में 4, साढौरा अस्पताल में 2 और सभी सात सीएचसी में एक-एक बेड आरक्षित किया गया है। इन सभी बेड पर मच्छरदानी लगाई गई है।

चिकनगुनिया के ये हैं लक्षण

इस वायरल से संक्रमित की पहचान तेज बुखार के साथ मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द से होती है। इसके अलावा सिर दर्द, चक्कर, थकान और उल्टी होने जैसी समस्याएं भी इसके अन्य लक्षण होते हैं। आमतौर पर मच्छर काटने के तीन से सात दिनों के बीच चिकनगुनिया की शुरुआत होती है।