हरियाणा में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। महिलाएं तो दूर प्रदेश में छोटी बच्चियां भी सुरक्षित नहीं हैं। प्रदेश में लगातार बच्चियों के साथ दुष्कर्म के मामले सामने आ रहे हैं। वहीं सवाल उठता है कि आखिर कब तक बच्चियों को इस तरह से डर का सामना करते हुए जीना पड़ेगा। ऐसा ही मामला महेंद्रगढ़ के एक मोहल्ले में सामने आया है। शनिवार शाम करीब 8 साल की एक मंदबुद्धि बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बताया जा रहा है कि बच्ची से दुष्कर्म के मामले में 3 लोगों के नाम सामने आ रहे हैं।
गौरतलब है कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ के एक मोहल्ले में शनिवार शाम को लगभग 8 साल की एक मंदबुद्धि बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। बाद में बच्ची का नागरिक अस्पताल में मेडिकल करवाया गया। डॉक्टरों ने बच्ची के साथ रेप की पुष्टि की है। बच्ची को इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने 2 को हिरासत में ले लिया है। इनमें से एक आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। पुलिस की छानबीन जारी है।

जानकारी के अनुसार शहर के एक मोहल्ले में बिहार राज्य से आए श्रमिक किराए के मकान में पर रहते हैं। शनिवार की देर शाम को 8 साल की बच्ची खेलते हुए हवेली के अंदर चली गई थी। इस दौरान मौके का फायदा उठाकर वहां रह रहे एक शख्स ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जिसके बाद बच्ची दर्द से जोर-जोर से चिल्लाई। चिल्लाने की वजह से आरोपी वहां से भाग गए। कुछ देर में ही बच्ची के परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंच गए। बच्ची ने उनको अपने साथ हुई दरिंदगी की जानकारी दी।

वारदात की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। इस बीच लोगों ने एक आरोपी को पुलिस के हवाले किया। पुलिस इसके बाद बच्ची को लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचे और उसका मेडिकल कराया। डॉक्टरों ने बच्ची को प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है।