Haryana News : (समालखा से अशोक शर्मा की रिपोर्ट) हरियाणा के जिला पानीपत के थाना समालखा पुलिस ने हत्या के मामले में जेल से जमानत पर आने के बाद गांव चुलकाना में साथियों के साथ मिलकर हुड़दंगबाजी कर गवाह को धमकी देने और हवाई फायर करने मामले में पुलिस ने शनिवार देर शाम 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही पुलिस ने मौके से आरोपियों की 11 गाड़ी जब्त की हैं। आरोपियों की पहचान हरदीप उर्फ दास्तान, प्रवीन, संदीप, संजू, सतपाल, गोपाल, आजाद, गौरव, गोविंद, नितिन, हवासिंह और विशाल उर्फ धुमा निवासी चुलकाना के रूप में हुई। यह कार्रवाई पानीपत पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में की गई।
गौरतलब है कि हरियाणा में हत्यारोपी बदमाश ऋषि चुलकाना और उसके साथियों को पानीपत के खंड समालखा के गांव चुलकाना में श्री श्याम बाबा मंदिर के पास पैरोल का जश्न मनाना उस समय भारी पड़ गया, जब ग्रामीणों ने पत्थरबाजी कर बदमाशों की दर्जनभर गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए थे। सूचना पाकर मौके पर दल-बल के साथ समालखा थाना प्रभारी फूल कुमार ने घटना का जायजा लिया था। पुलिस के मुताबिक मामला पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है। साथ ही पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

थाना समालखा प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि थाना समालखा में गांव चुलकाना निवासी पवन पुत्र पूर्ण ने शिकायत देकर बताया था कि जुलाई 2018 में उसके ताऊ के लड़के सोमपाल की बदमाशों ने हत्या कर दी थी। वारदात बारे थाना समालखा में अभियोग दर्ज है। उक्त मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित वारदात में शामिल उसके अन्य साथी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। मामले का मुख्य आरोपी 12 अप्रैल को जेल से जमानत पर बाहर आया है।
उन्होंने बताया कि आरोपी अपने साथ 20-25 गाड़ियों के काफिले में जिनमे संदीप, सोनू, विशाल उर्फ धुमा निवासी चुलकाना व अन्य 70/80 युवकों को साथ लेकर गांव में आया। गली में उनके घर के सामने आतिशबाजी करने के साथ ही हुड़दंग बाजी कर पिस्तौल से दो फायर किए। वह डर के मारे घर से बाहर नहीं निकले। आरोपी ने उसको धमकी दी कि अगर हत्या के मामले में उसके खिलाफ गवाही दी तो वह उसको जान से मार देगा। पवन की शिकायत पर थाना समालखा में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

थाना समालखा पुलिस ने मामले में गिरफ्तार 12 आरोपियों को पूछताछ के बाद रविवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया। वारदात में संलिप्त फरार इनके साथी आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने बदमाशों को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि जिला में इस प्रकार की वारदातों को किसी भी रूप में सहन नहीं किया जाएगा। बदमाशों के लिए जिला में कोई जगह नहीं है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

